Headlines
Loading...
Bihar News: बक्सर में 1 कट्ठा जमीन के लिए आज भाई की हत्या, खून से लाल हुआ आंगन...

Bihar News: बक्सर में 1 कट्ठा जमीन के लिए आज भाई की हत्या, खून से लाल हुआ आंगन...

डुमरांव (बक्सर)। रिश्तों की डोर जब जमीन के छोटे से टुकड़े में उलझ जाती है, तो उसका अंजाम कितना भयावह हो सकता है, इसका दर्दनाक उदाहरण रविवार की सुबह मुरार थाना क्षेत्र के बनजरियां गांव में देखने को मिला। जहां महज एक कट्ठा जमीन के लिए सगे भाई ने ही अपने भाई को हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दिया। इस घटना से एक परिवार ही नहीं, पूरा गांव शोक में डूब गया है।

मृतक की पहचान अक्षय लाल यादव (50 वर्ष), पिता रामाशीष यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि पिता की मृत्यु के बाद दोनों भाई अलग-अलग रहने लगे थे, लेकिन एक कट्ठा जमीन को लेकर पिछले दो-तीन वर्षों से विवाद लगातार जारी था। रविवार की सुबह करीब छह बजे इसी विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया।

आरोप है कि इसी दौरान भाई कृष्ण यादव ने गुस्से में आकर धारदार हथियार से अक्षय लाल यादव पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी मीना देवी एवं पुत्र विकास यादव भी हमले में घायल हो गए। दोनों का इलाज जारी है।

घर में पसरा मातम

मृतक के परिवार में दो पुत्रियां खुशबू देवी एवं उषा देवी तथा एक पुत्र हैं। घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में चीख-पुकार मची हुई है, वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही मुरार, कोरान सराय एवं बगेन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित कृष्ण यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। वहीं, इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर जमीन के छोटे से टुकड़े के लिए रिश्तों की कीमत कब तक चुकानी पड़ेगी।