अयोध्या: किरायेदार और मकान मालकिन में विवाद, पड़ोसन ने टोका तो कट्टा दिखाकर दी जान से मारने की धमकी...
राम नगरी अयोध्या में किरायेदारी को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक टकराव में बदल गया. मामला थाना कैंट क्षेत्र के गद्दोपुर मझवा स्थित श्रीराम कॉलोनी का बताया जा रहा है, जहां किराएदार और मकान मालकिन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था.इस बीच जब पड़ोस में रहने वाली महिला ने बीच बचाव की कोशिश की तो मामला देसी कट्टे से धमकाने तक पहुंच गया।
दरअसल थाना कैंट क्षेत्र में स्थित श्रीराम कॉलोनी में अंजलि चौरसिया अपने परिवार के साथ रहती है. उन्होंने अपना घर किराये पर रेनू पांडे को दिया था. इसी दौरान किरायेदार और मकान मालकिन दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते काफी बढ़ गया था. जिसके बाद आसपास बड़ी संख्या में पड़ोसी जमा हो गए थे।
कट्टे से पड़ोसी महिला को धमकाने का आरोप
दोनो महिलाओं के बीच झगड़ा होते देख पड़ोसन ने उन्हें समझाने की कोशिश की, इस दौरान पड़ोसी महिला मकान मालकिन के पक्ष में खड़ी हो गई, जिससे किरायेदार महिला रेनू पांडे को गुस्सा हो आ गया. उसने पड़ोसन महिला को ही धमकाया. बताया जा रहा मकान मालकिन का साथ देने की वजह से रेनू पांडे ने पड़ोसन पर हमला करवाया।
महिला ने आरोप लगाया कि विवाद के कुछ समय बाद दो युवक मोटरसाइकिल से वहां आए और उन पर देसी कट्टा तानकर धमकी दी. इस दौरान आसपास मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद उन्होंने एक आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. पीड़ित पड़ोसन महिला का आरोप है कि रेनू पांडे ने ही उस पर हमला करवाया है।
पुलिस ने महिला समेत कुछ युवकों को पकड़ा
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कुछ युवकों के साथ एक महिला को भी हिरासत में लिया है. बताया जा रहा है कि अगर समय रहते पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती, तो कोई बड़ी घटना हो सकती थी. इस पूरे विवाद के दौरान एक युवक हाथ में असलहे जैसी वस्तु लेकर लोगों को डराता हुआ भी दिखाई दिया. जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।