यूपी में महिला आरक्षण बिल पारित न होने पर विरोध तेज, कानपुर के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने महोबा में किया प्रदर्शन, पुतला फूंका...
यूपी, महोबा। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पारित न होने पर आक्रोशित भाजपाइयों ने रविवार की दोपहर शहर के आल्हा चौक में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि विपक्षियों ने दिखा दिया कि वे महिलाओं को संसद में उनका अधिकार नहीं देना चाहते। पदाधिकारी कार्यकर्ताओं ने विपक्ष (ममता बनर्जी, अखिलेश यादव व राहुल गांधी) का पुतला फूंककर जमकर नारेबाजी की।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष नीतू श्रीवास्तव के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। शहर की सड़कों पर जुलूस निकालते हुए सभी आल्हा चौक पहुंचे। इसके बाद नारेबाजी करते हुए विपक्ष का पुतला फूंगा। नीतू श्रीवास्तव ने बताया कि नारी शक्ति अधिनियम से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में पास नहीं हो पाया।
विपक्षी केवल अपने घरों की ही महिलाओं का विकास चाहते हैं, देश की महिलाओं का नहीं। जिस तरह इंदिरा गांधी ने इमरजेंसी लगाकर लोकतंत्र की हत्या की थी। उसी तरह ये लोग महिलाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों की हत्या कर रहे हैं।
महिलाओं का इरादा मजबूत है और संसद में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। आधी आबादी के सपनों के लिए संकल्प पूरा करेंगे। इस दौरान जिला मंत्री रेखा तिवारी, साधना तिवारी, नीतू साहू, पूनम द्विवेदी, पुष्पेंद्र गुप्ता, साधना गुप्ता, तुलसीदास सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संविधान संशोधन विधेयक पारित न होना दुर्भाग्यपूर्ण
हमीरपुर-महोबा संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद कुंवर पुष्पेंद्र सिंह चंदेल ने लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पारित न होने पर गहरा रोष जाहिर किया है। मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने इसे देश की करोड़ों महिलाओं के अधिकारों और उनके सपनों पर कुठाराघात बताया है। कहा कि लोग आने वाले चुनावों में विपक्ष को मुंहतोड़ जवाब देंगे। विपक्ष ने आधी आबादी के साथ अन्याय किया है।
उन्होंने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और सपा समेत पूरे गठबंधन ने एक बार फिर अपनी महिला-विरोधी सोच को उजागर कर दिया है। 33 प्रतिशत आरक्षण जैसे क्रांतिकारी बिल का विरोध करके विपक्ष ने नारी शक्ति के सशक्तिकरण में बड़ी बाधा खड़ी की है। सरकार नारी शक्ति को उनका हक दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, लेकिन विपक्ष की नकारात्मक राजनीति ने इसे रोकने का काम किया है। विपक्ष को इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।