वाराणसी में श्रद्धालुओं के सामान खोने की झंझट अब खत्म, विश्वनाथ मंदिर और घाट के आसपास लगेंगे स्मार्ट डिजिटल लॉकर...
वाराणसी न्यूज। वाराणसी के मंदिरों में दर्शन करने और गंगा में आस्था की डुबकी लगाने वाले भक्तों की सुविधा के लिए योगी सरकार विशेष पहल कर रही है। काशी विश्वनाथ मंदिर और प्रमुख घाटों के आसपास आधुनिक डिजिटल लगेज लॉकर लगाए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालु बिना किसी सामान के खोने की चिंता किए निर्भय होकर दर्शन व स्नान कर सकें।
बता दें कि वाराणसी आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अब डिजिटल लगेज लॉकर की सुविधा शुरू की जा रही है। इसके तहत भक्त अपने मोबाइल से लेकर सूटकेस, कीमती सामान और कपड़े तक सुरक्षित रखकर बेफिक्र होकर घाटों पर घूम सकेंगे और गंगा स्नान का आनंद ले सकेंगे।
डिजिटल लाकर के इस्तेमाल के लिए डिजिटल पेमेंट की सुविधा होगी। यह आधुनिक सुविधा काशी विश्वनाथ मंदिर और दशाश्वमेध घाट जैसे प्रमुख क्षेत्रों के पास जल्द ही उपलब्ध होगी, जिससे काशी के विभिन्न मंदिरों में दर्शन करना अब और भी आसान और सुरक्षित हो जाएगा।
क्या बोले नगर आयुक्त?
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि वाराणसी में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दशाश्वमेध प्लाजा, गोदौलिया, टाउन हॉल और बेनियाबाग में डिजिटल लगेज लॉकर लगाने का प्रस्ताव है। कुल 225 डिजिटल लॉकर उपलब्ध कराए जाएंगे। जिसमें छोटे, मध्यम, बड़े और एक्सट्रा लार्ज चार तरह के डिजिटल लॉकर उपलब्ध होंगे। इस लॉकर में मोबाइल, छोटे बैग, एक्स्ट्रा लार्ज लॉकर में दो सूटकेस तक आसानी से रखे जा सकें।