आशा भोसले के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा गया, फूट-फूट कर रोई पोती, सामने आया ये वीडियो...
दिग्गज एक्ट्रेस आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। सात दशकों से अधिक लंबे करियर में उन्होंने अनगिनत यादगार गाने दिए और अपनी आवाज से करोड़ों दिलों पर राज किया, अब उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरे राजकीय सम्मान के साथ की जा रही हैं। मुंबई के लोअर परेल स्थित उनके निवास कासा ग्रांडे में उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है, जहां बड़ी संख्या में फैंस और चाहने वाले उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं।
आशा भोसले के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा गया
एक वीडियो सामने आया है, जिसमें आशा भोसले के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा जा रहा है. इस दौरान उनके परिवार के लोग मौजूद थे. इस दौरान आशा भोसले की पोती जनाई भोसले फूट-फूट कर रोते दिखी।
शिवाजी पार्क में होगा अंतिम संस्कार
आशा भोसले का अंतिम संस्कार सोमवार यानी आज (13 अप्रैल) को शिवाजी पार्क में 4 बजे किया जाएगा. महाराष्ट्र के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने कहा,"पूरी दुनिया आशा ताई के निधन पर शोक मना रही है. सुरक्षा और व्यवस्था के लिहाज से लोअर परेल स्थित उनके कासा ग्रांडे निवास पर अंतिम दर्शन के लिए खास इंतजाम किए गए हैं. उनके फैंस से अपील है कि वे यहीं आकर श्रद्धांजलि दें और श्मशान घाट की ओर न जाएं. शाम 4 बजे उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।"
बेटे आनंद भोसले की अपील
आशा भोसले के बेटे आनंद भोसले ने भी लोगों से अपील की है कि वे भीड़ से बचने में सहयोग करें। उन्होंने कहा, "सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक लोग कासा ग्रांडे बिल्डिंग में आकर मेरी मां के अंतिम दर्शन कर सकते हैं। शाम 4 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। मैं सभी से निवेदन करता हूं कि श्मशान घाट पर भीड़ न लगाएं, क्योंकि वहां ज्यादा भीड़ होने की संभावना है।"