पापा से लड़ाई हुई मम्मी ने आग लगा ली; बेटी ने बताई पूरी दास्तां, बुलंदशहर में पति-पत्नी की दर्दनाक मौत, आज हुआ अंतिम संस्कार...
UP बुलंदशहर के डिबाई कोतवाली क्षेत्र के गांव रहमापुर में पति-पत्नी के बीच मामूली बात पर हुए विवाद ने इस कदर खौफनाक रूप ले लिया कि महिला ने खुद को आग के हवाले कर दिया। पत्नी को लपटों में घिरा देख पति उसे बचाने दौड़ा और वह भी गंभीर रूप से झुलस गया। गंभीर हालत में पति-पत्नी को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम है। बताया गया है कि युवक ने पहली पत्नी को छोड़ने के बाद गांव की युवती से प्रेम विवाह किया था।
बेटी ने बताई पूरी कहानी
दर्दनाक मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है और पूरा गांव स्तब्ध है। घटना के बारे में दंपति की सबसे बड़ी बच्ची 11 साल की सिमरन ने बताया कि रात में मम्मी-पापा जोर जोर से बात कर रहे थे। फिर दोनों में लड़ाई शुरू हो गई। मम्मी ने अचानक अपने ऊपर तेल डालकर आग लगा ली। पापा बचाने को दौड़े तो वह भी जल गए। फिर मम्मी पापा को लोग अस्पताल ले गए। यह बताते हुए सिमरन की आंखें भर आईं। कोतवाली प्रभारी डिबाई विशाल प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि फिलहाल पुलिस को गांव रहमापुर में मृतक रूबी और रिंकू की बेटी ने बताया है कि पहले झगड़ा हुआ फिर मम्मी ने आग लगा ली। आग बुझाने में पापा भी झुलस गए। पुलिस गहराई से छानबीन कर रही है।
रिंकू की दूसरी पत्नी थी रूबी, किया था प्रेम विवाह
रिंकू के दादा होती लाल ने बताया रिंकू के पिता चंद्रपाल सिंह की 12 साल पूर्व बीमारी से मौत हो गई थी। रिंकू खेती-बाड़ी का कार्य संभालता था। रिंकू ने पड़ोस में रहने वाली रूबी से 14 साल पूर्व लव मैरिज की थी। शादी की भनक लगते ही पहली पत्नी पिंकी अपने तीन बच्चों को लेकर मायके में पिता के पास गांव बागी का नगला थाना रामघाट चली गई। दूसरी पत्नी रूबी से तीन पुत्री और एक पुत्र है। बड़ी बेटी सिमरन 11 वर्ष, स्वामी 10 वर्ष, साहिल 7 वर्ष तथा सोनाक्षी 5 वर्ष हैं।
मां के इलाज पर खर्च को लेकर था विवाद
परिजनों के अनुसार खेत के लगान के रुपयों को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। परिजनों के अनुसार एक दिन पहले रिंकू खेत के लगान के 20 हजार रुपए लेकर आया था। जिन्हें रिंकू बीमार मां के इलाज में खर्च कर रहा था। पत्नी आधे रुपए मांग रही थी। इसी बात पर बुधवार रात रिंकू का पत्नी रुबी से विवाद हो गया।
पहले पत्नी, 15 मिनट बाद पति ने तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार दंपति ने प्रेम विवाह किया था। पहले तड़के करीब चार बजे रुबी ने दम तोड़ दिया। इसके करीब 15 मिनट बाद रिंकू की भी मौत हो गई। मां पैरालाइसिस है।
अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में शामिल हुए लोग
डिबाई क्षेत्र के कर्णवास गंगा तट पर रिंकू और रूबी के शव का अंतिम संस्कार नम आंखों के बीच हुआ। गंगा किनारे बड़ी संख्या में लोग अंतिम विदाई देने पहुंचे और शोकाकुल माहौल में सभी की आंखें नम रहीं।