साले की शादी में नहीं मिला न्योता, तो जीजा ने ट्रैक्टर से ढाया कहर; मंजर देख मेहमानों की थम गई सांसे.. अंत में भरा लाखों का जुर्माना...
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। साले की शादी समारोह में न बुलाने पर मीरानपुर कटरा के कमलापुर निवासी युवक ने मैरिज लान में जमकर हंगामा किया। पत्नी की पिटाई करने के बाद मैरिज लान में ट्रैक्टर दौड़ाया, उसके बाद गेट तोड़ दिया। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया। थाने में पंचायत होने के बाद नुकसान की भरपाई कर मामले को रफा-दफा करा दिया गया।
तिलहर के एक गांव की युवती की शादी बरेली के भुता क्षेत्र में तय हुई थी। शादी का कार्यक्रम कटरा खुदागंज मार्ग पर स्थित एक मैरिज लान हाल में किया गया। दूल्हे की ममेरी बहन भी शादी में शामिल होने पहुंचीं थीं। उनके पति को दावत नहीं दी गई थी। इससे नाराज होकर देर रात वह मैरिज लान में पहुंच गया। जहां पत्नी की अकेले आने पर पिटाई कर दी।
मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर दिया तो युवक वहां से चला गया। सुबह करीब चार बजे युवक ट्रैक्टर लेकर मैरिज लान में दोबारा पहुंच गया। परिसर में काफी देर तक ट्रैक्टर दौड़ाता रहा। इसके बाद ट्रैक्टर की टक्कर से मुख्य गेट को तोड़ दिया।
इससे कई लोग बाल बाल बच गए। आरोपित ट्रैक्टर लेकर चला गया। मैरिज लान मालिक ने पुलिस बुला ली। सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद आरोपित की तलाश में उसके गांव में दबिश दी गई। पुलिस ने वर पक्ष के लोगों को थाने में बैठा लिया गया। जिसके बाद मैरिज लान मालिक अपने नुकसान के भरपाई की मांग करने लगे।
वर पक्ष ने कार्रवाई से बचने के लिए नुकसान की भरपाई करने पर राजी हो गया। करीब तीन घंटे तक चली पंचायत के बाद समझौता हो गया है। मैरिज लान मालिक ने बताया है कि आरोपित ने गेट के अलावा टैंट का सामान भी तोड़ दिया था।
इससे करीब एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हो गया था। जबकि आरोपित का उससे कोई मतलब नहीं था। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह ने बताया है कि मामला थाने पर आया था, दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है। किसी ने किसी के विरुद्ध कोई तहरीर नहीं दी है।