Headlines
Loading...
पुण्यदायी पर्व अक्षय तृतीया के उपलक्ष्य में आज शनिवार को काशी के अन्नक्षेत्र में वितरित हुआ प्रसाद, जल सेवा भी हुआ प्रारंभ...

पुण्यदायी पर्व अक्षय तृतीया के उपलक्ष्य में आज शनिवार को काशी के अन्नक्षेत्र में वितरित हुआ प्रसाद, जल सेवा भी हुआ प्रारंभ...

वाराणसी, प्रमुख ब्यूरो। पुण्यदायी पर्व अक्षय तृतीया के उपलक्ष्य में शनिवार को काशी में सेवा, श्रद्धा और समर्पण का अद्भुत संगम देखने को मिला। संकल्प संस्था द्वारा चौक क्षेत्र में संचालित संकल्प अन्न क्षेत्र के अंतर्गत खिचड़ी प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में राहगीरों, श्रमिकों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। 

भीषण गर्मी को देखते हुए संस्था द्वारा जल सेवा भी प्रारंभ की गई, जो लोगों के लिए विशेष राहत का माध्यम बनी। इस सेवा कार्य में संस्था के सदस्यों ने पूर्ण समर्पण भाव से प्रसाद वितरण किया। प्रसाद स्वरूप खिचड़ी के साथ हलवा, घुघरी, सेव एवं जलेबी का वितरण किया गया।

तपती धूप और बढ़ती गर्मी के बीच यह पहल न केवल शरीर को तृप्त करने वाली रही, बल्कि आत्मा को भी संतोष देने वाली सिद्ध हुई। कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित लोगों के चेहरे पर संतोष, आभार और प्रसन्नता स्पष्ट रूप से झलकती रही। 

कार्यक्रम की शुरुआत श्री संकटमोचन हनुमान को विधिवत भोग अर्पित कर की गई। तत्पश्चात चौक स्थित कन्हैयालाल गुलालचंद सर्राफ के समक्ष प्रसाद वितरण प्रारंभ हुआ, जहां देर तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही और सभी ने श्रद्धा भाव से प्रसाद ग्रहण किया। 

संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन ने कहा कि अक्षय तृतीया का पावन पर्व हमें सेवा, दान और अक्षय पुण्य संचय का संदेश देता है। इस उपलक्ष्य में किया गया प्रत्येक सहयोग समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। हमारा प्रयास है कि इस शुभ दिवस पर अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक प्रसाद एवं सहायता पहुंचे और सेवा की यह परंपरा निरंतर आगे बढ़ती रहे।

आयोजन को सफल बनाने में अंकुर अग्रवाल, आशा अग्रवाल, गिरधर अग्रवाल, संजीव श्रीवास्तव, सुनीता श्रीवास्तव एवं मृदुला अग्रवाल का विशेष योगदान रहा। 

इस अवसर पर प्रमुख रूप से संस्था के संरक्षक गिरधर दास अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, संजय अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल, अमित श्रीवास्तव, प्रमोद, रितिक, भैयालाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।