सिउड़ी में गरजे मोदी- आपने पीएम बनाया, अब बंगाल में भाजपा का सीएम बनवाएं, डबल इंजन की सरकार से होगा दोगुना विकास...
PM Modi Siuri Rally Birbhum| बीरभूम, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार के लिए बीरभूम जिले के सिउड़ी स्थित चांदमारी ग्राउंड में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। बीरभूम जिले की सभी 11 विधानसभा सीटों के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में हुंकार भरी. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने बंगाल की जनता से राज्य में सत्ता परिवर्तन की अपील की. उन्होंने कहा कि बंगाल के सर्वांगीण विकास के लिए अब यहां भाजपा की सरकार का होना अनिवार्य है।
भाजपा उम्मीदवारों के साथ प्रधानमंत्री मोदी
बंगला में बोले मोदी- भय नाय, भोरसा चाई
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत बंगला भाषा में करते हुए कहा कि अब बंगाल में परिवर्तन का समय आ गया है. उन्होंने 'भय नाय, भोरसा चाई' (डर नहीं, भरोसा चाहिए) का नारा देते हुए संदेश दिया कि भाजपा राज्य में सुरक्षा और विकास का माहौल लायेगी. उन्होंने माताओं और बहनों के सम्मान की रक्षा का संकल्प भी दोहराया।
पीएम मोदी के भाषण की बड़ी बातें
* 'महा जंगलराज' का आरोप : 2022 के बागटुई नरसंहार का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने टीएमसी शासन को 'महा जंगलराज' करार दिया. यहां महिलाओं और बच्चों को जिंदा जला दिया गया था।
* बम बनाने का कुटीर उद्योग : पीएम ने तंज कसते हुए कहा कि बंगाल में वास्तविक कुटीर उद्योग खत्म हो रहे हैं, जबकि टीएमसी ने कच्चे बम बनाने को नया कुटीर उद्योग बना दिया है।
* घुसपैठ और भूमि कब्जा : पीएम ने आरोप लगाया कि घुसपैठियों द्वारा जमीन हड़पना खतरनाक स्तर पर है. वे कम वेतन पर काम कर स्थानीय लोगों की नौकरियां छीन रहे हैं. भाजपा सत्ता में आने के बाद इन्हें निर्वासित करेगी।
* आदिवासियों का अपमान : मोदी ने कहा कि टीएमसी ने आदिवासियों का अपमान किया है. दलित समुदाय से आने वाली देश की राष्ट्रपति तक को नहीं बख्शा।
* मनरेगा फंड की चोरी : उन्होंने टीएमसी पर मनरेगा कोष में चोरी करने का आरोप लगाया और कहा कि केंद्र का पैसा जनता तक नहीं पहुंचने दिया जा रहा है।
* 'वीबी-जी राम जी' योजना : पीएम मोदी ने घोषणा की कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर 'वीबी-जी राम जी' योजना लागू की जायेगी, जिसके तहत लाभार्थियों के खातों में सीधे पैसे ट्रांसफर (DBT) किये जायेंगे।
* 'मां-माटी-मानुष' पर प्रहार : उन्होंने कहा कि टीएमसी का यह प्रसिद्ध नारा अब महज एक खोखली बयानबाजी बनकर रह गया है।
PM Narendra Modi Siuri Rally Birbhum: किसानों के लिए FPO का वादा
प्रधानमंत्री ने देश के अन्य राज्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि छोटे किसानों के कल्याण के लिए एफपीओ (FPO) बनाये गये हैं, जहां किसान अपनी हर समस्या का समाधान पाते हैं. उन्होंने वादा किया- बंगाल के किसान राज्य में भाजपा की सरकार बनाएं, हम यहां भी किसानों के लिए एफबीओ बना देंगे, ताकि उन्हें किसी भी तरह की अनिश्चितता का सामना न करना पड़े।
टीएमसी पर हमला : 'कट मनी' और योजनाओं में रुकावट
राज्य की तृणमूल सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं को ममता सरकार राज्य में लागू नहीं होने दे रही है. उन्होंने कटाक्ष किया कि भाजपा शासित राज्यों में लोगों को बिना 'कट मनी' के योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है, जबकि बंगाल में आदिवासी, युवा, महिलाएं और किसान इन लाभों से वंचित हैं।
आदिवासी बिटिया और आरजी कर कांड का जिक्र
प्रधानमंत्री ने बीरभूम में एक नाबालिग आदिवासी छात्रा के साथ हुई शर्मनाक घटना और कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज की महिला चिकित्सक के साथ हुए कुकृत्य का जिक्र कर राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाये. उन्होंने भावुक होते हुए कहा- यह चुनाव हमारी बेटियों की सुरक्षा के लिए है. किसी भी परिवार के लिए पैसे से उस दुख की भरपाई नहीं की जा सकती, जो उनकी बेटियों के साथ हुआ है।
मोदी की गारंटी : तेजी से होगा विकास
पीएम मोदी ने अंत में 'मोदी की गारंटी' देते हुए कहा कि भाजपा ने घोषणापत्र में माताओं-बहनों के लिए जो भी वादे किये हैं, उन्हें सरकार बनते ही प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जायेगा. रैली के दौरान बीरभूम जिला भाजपा कमेटी द्वारा प्रधानमंत्री को 'मां तारा' की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया।