रिसेप्शन में 'बिन बुलाए' पहुंचा पूर्व प्रेमी: ग्रामीणों ने दोस्तों संग बनाया बंधक, रामगढ़ में रात भर हुई जमकर धुनाई, आज सुबह पुलिस ने छुड़ाया...
गिद्दी (रामगढ़)। रामगढ़ जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र स्थित रिकवा गांव में सोमवार की रात एक हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। यहां एक नवविवाहिता के रिसेप्शन (बहुभात) कार्यक्रम में उसके पूर्व प्रेमी का अपने दोस्तों के साथ पहुंचना भारी पड़ गया।
संदेह होने पर ग्रामीणों ने न सिर्फ स्कार्पियो सवार चारों युवकों को बंधक बनाया, बल्कि रात भर उनकी जमकर पिटाई भी की। सुबह सूचना मिलने पर बड़ी मुश्किल से समझा-बुझा कर पुलिस ने युवकों को छुड़वाया।
रिश्ता टूटा पर पीछा नहीं छूटा
जानकारी के अनुसार, पकड़े गए युवकों में से एक का हजारीबाग के चरही की रहने वाली एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग था। दोनों के बीच शादी की बात भी चली थी, लेकिन किन्हीं कारणों से रिश्ता टूट गया।
इसके बाद युवती की शादी रिकवा गांव में तय हुई और धूमधाम से संपन्न भी हो गई। सोमवार रात को ससुराल में युवती का बहुभात समारोह चल रहा था।
स्कार्पियो से पहुंचे थे चार अनजान मेहमान
समारोह के बीच एक स्कार्पियो गाड़ी गांव में दाखिल हुई, जिसमें टंडवा और बिशुनगढ़ के चार युवक सवार थे। युवती का पूर्व प्रेमी अपने तीन दोस्तों के साथ वहां पहुंचा था। रात के वक्त अनजान युवकों को संदिग्ध अवस्था में देखकर ग्रामीणों का माथा ठनका। पूछताछ में युवकों की बातों में विरोधाभास पाकर ग्रामीणों का शक यकीन में बदल गया।
रात भर बंधक, सुबह पुलिस ने कराया मुक्त
नाराज ग्रामीणों ने चारों युवकों को गाड़ी समेत कब्जे में ले लिया और एक स्थान पर बंधक बनाकर उनकी जमकर पिटाई कर दी। युवकों को रात भर ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा।
मंगलवार सुबह जब मामले की जानकारी गिद्दी थाना पुलिस को मिली, तो पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के चंगुल से चारों युवकों को मुक्त कराया और उन्हें थाने ले आई। इसके बाद सभी का सीसीएल गिद्दी अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।
इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म
इस घटना को लेकर रिकवा और आसपास के गांवों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि अगर रिश्ता टूट चुका था और युवती की शादी हो गई थी, तो युवक का रिसेप्शन में पहुंचने का असली मकसद क्या था।
गिद्दी थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सबों के परिजनों को खबर कर दी गई है। बिशुनगढ़ के एक युवक के परिजन थाना पहुंच चुके हैं।