Headlines
Loading...
पश्चिम चंपारण में पटना की महिला सिपाही की प्रेम विवाह के डेढ़ माह बाद हत्या, पति गिरफ्तार..

पश्चिम चंपारण में पटना की महिला सिपाही की प्रेम विवाह के डेढ़ माह बाद हत्या, पति गिरफ्तार..

बेतिया (पश्चिम चंपारण)। West Champaran Murder Case: जिले के सहोदरा थाना क्षेत्र के सुपौली गांव में पटना पुलिस में तैनात एक महिला सिपाही की गला घोटकर हत्या कर दी गई।घटना बुधवार शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है। मृतका की पहचान 27 वर्षीय संकेशी कुमारी के रूप में हुई है।

डेढ़ माह पहले प्रेम विवाह

जानकारी के अनुसार, संकेशी कुमारी ने सात मार्च 2025 को सुपौली निवासी सुजीत कुमार से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि वह गर्भवती भी थीं। शादी के महज डेढ़ माह बाद ही इस तरह की घटना से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मायके से लौटते ही हत्या

परिजनों ने बताया कि 21 अप्रैल को मृतका अपनी छोटी बहन की शादी में शामिल होने के लिए मायके आई थीं। समारोह के बाद बुधवार को वह ससुराल लौटीं और उसी शाम उनकी हत्या की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने घर में शव पड़ा देखा।

पति गिरफ्तार, अन्य फरार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जीएमसीएच बेतिया भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति सुजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि ससुराल के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार हैं।

प्राथमिकी दर्ज, छापेमारी जारी

मृतका के भाई दिनेश कुमार के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। सहोदरा थानाध्यक्ष ऋतुराज जायसवाल ने बताया कि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा होगा।

गांव में आक्रोश का माहौल

घटना के बाद मृतका के मायके और ससुराल दोनों जगह शोक व्याप्त है। परिजन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। यह घटना प्रेम विवाह के बाद घरेलू हिंसा के गंभीर पहलुओं को भी उजागर करती है।