वाराणसी न्यूज: दो बाइकों की टक्कर, जीजा की मौत, साले की हालत गंभीर.. चोलापुर थाना क्षेत्र की घटना...
वाराणसी ब्यूरो। चौबेपुर-मोहाव मार्ग पर स्थित कटहलगंज चौराहे पर सोमवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में एक बाइक पर पीछे बैठे जीजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा साला गंभीर रूप से घायल हो गया।
टक्कर के बाद दूसरी बाइक सवार मौके से फरार हो गया. मृतक की पहचान मीरजापुर जनपद के कछवां निवासी 55 वर्षीय जोगिंद्र विश्वकर्मा के रूप में हुई है. वहीं, घायल साला का नाम बुद्धिमान विश्वकर्मा (45 वर्ष) है. दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर मीरजापुर लौट रहे थे।
सूचना मिलते ही चोलापुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों को तुरंत सीएचसी चोलापुर भेजा. वहां डाक्टरों ने जोगिंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि बुद्धिमान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार बाइक सवार की तलाश जारी है।
जोगिंद्र मुंबई में कारपेंटर का कार्य करते थे और वे तीन भाइयों में सबसे छोटे थे. वे अपने बेटे के विवाह के सिलसिले में बुद्धिमान के साथ चोलापुर के मुरेरी गांव निवासी गुलाब विश्वकर्मा के घर आए थे. कार्यक्रम के बाद लौटते समय हादसा हो गया. जोगिंद्र की मृत्यु की खबर से स्वजन में शोक की लहर दौड़ गई।