आज वाराणसी में सपा नेताओं ने एडीजी से की मुलाकात, निशा विश्वकर्मा हत्याकांड में हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग...
वाराणसी, ब्यूरो 23अप्रैल। गाजीपुर में हुई निशा विश्वकर्मा की हत्या के मामले में पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा पर हुए हमले के संदर्भ में समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं ने गुरुवार को सपा जिलाध्यक्ष सुजित यादव "लक्कड़" के नेतृत्व में अपर पुलिस महानिदेशक पियूष मोर्डिया से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष सुजित यादव "लक्कड़" ने एडीजी को बताया कि गाजीपुर के थाना करण्डा अंतर्गत ग्राम कटरिया निवासी सियाराम विश्वकर्मा की नाबालिग बेटी निशा विश्वकर्मा की दबंगों द्वारा हत्या कर शव गंगा नदी में फेंक दिया गया था। उन्होंने कहा कि इस घटना के संबंध में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी का प्रतिनिधिमंडल परिजनों से जानकारी लेने गांव पहुंचा था।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह "आशु" ने अपने समर्थकों के साथ सुनियोजित तरीके से पथराव किया, जिसमें पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए और पार्टी की महिला कार्यकर्ता भी चोटिल हुईं। इस दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही, जो कि अत्यंत चिंताजनक है।
पूर्व मंत्री एवं कैन्ट विधानसभा की प्रभारी रीबू श्रीवास्तव ने एडीजी से कहा कि प्रधान प्रतिनिधि आशुतोष सिंह ने सपा के डेलिगेशन के गांव में न आने के लिए सोशल मीडिया पर धमकी दी थी। उन्होंने कहा कि यह हमला पूर्व नियोजित था, जिससे पूर्व मंत्री और पार्टी कार्यकर्ता घायल हुए।
पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा "विश्वकर्मा" ने एडीजी से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा पर हुए हमले के दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। इसके साथ ही, निशा विश्वकर्मा के हत्यारों के मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में स्थानांतरित किया जाए।
साथ ही, उन्होंने मांग की कि निशा के परिजनों को 50 लाख का मुआवजा दिया जाए और पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। उन्होंने आशुतोष सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की भी मांग की। इसके अलावा, सीओ सिटी और थानाध्यक्ष करण्डा सहित अन्य पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की मांग भी उठाई गई।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष सुजीत यादव "लक्कड़", जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट, पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा "विश्वकर्मा", पूर्व मंत्री रीबू श्रीवास्तव, डॉ. उमाशंकर सिंह यादव, हीरू यादव, शशि यादव, संगीता पटेल, संजू विश्वकर्मा, पार्वती कन्नौजिया, प्रिंस सिंह, आकाश विश्वकर्मा, रामकुमार यादव आदि उपस्थित थे।