अचानक प्रचंड रूप दिखाने लगी गर्मी, दोपहर को घरों से बाहर निकलने से परहेज करने लगे लोग...
वाराणसी जिला ब्यूरो। वाराणसी और आसपास के जिलों में विगत कई दिनों से अचानक मौसम ने अपने तेवर बदल लिए हैं। अचानक प्रचंड गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। गुरूवार को भी सुबह दस बजे के बाद अब धूप में निकलना कष्टदायी होने लगा है।
तेज धूप का इतना अधिक असर था कि काशी मंडी के सबसे व्यस्तम बाजार विशेश्वरगंज व मैदागिन चौराहे सूने नजर आने लगे। वहीं गोदौलिया, रथयात्रा, सिगरा, मलदहिया, कैंट, कचहरी, भोजूबीर, पांडेयपुर और लंका BHU में भी दोपहर को भीषण गर्मी की वजह से सन्नाटा पसरा रहा।
वहीं अचानक ठंडे पानी व शीतल पेय, जूस व गन्ने आदि के रस की मांग बढ़ने लगी। विशेश्वरगंज मंडी शहर का सबसे व्यस्त चौराहा रहते हैं मगर दोपहर के समय इक्का दुक्का लोग ही नजर आए। जरूरी काम से निकलने वाले लोगों ने ही घरों से बाहर निकलने की जहमत उठाई बाकी ने सुबह शाम ही अपने काम निपटाने के लिए निकले।
पारा एक दम से आसमान को छूने लगा है और अप्रैल के पहले व दूसरे सप्ताह में जो खुशगवार मौसम था वह एक दम से बदल गया है। प्रचंड गर्मी से लोग त्रस्त होने लगे हैं।