सुल्तानपुर में दारोगा के पिता की गोली मारकर हत्या, बेटी की शादी से पहले परिवार में मातम...
सुल्तानपुर जिले के जयसिंहपुर में शनिवार की देर रात बेलगरा गांव में घर के बरामदे में सो रहे कानपुर में तैनात दरोगा के बुज़ुर्ग पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रात करीब एक बजे गोली की आवाज सुनकर परिजन जागे तब तक हमलावर भाग निकले। घटना की सूचना पाकर मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। मौके पर एसपी चारू निगम पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मातहतों को दिशा-निर्देश दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया।
सोते वक्त कनपटी से सटाकर मारी गोली
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बेलगरा गांव निवासी विजय प्रताप सिंह (55) घर के बरामदे में सो रहे थे। रात करीब एक बजे बदमाश ने उनकी कनपटी में सटाकर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर परिजन जागकर बाहर आए तो वहां का दृश्य देख चीखने चिल्लाने लगे मगर तब तक हमलावर भाग निकले थे। गोली की आवाज सुनकर काफी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर आ गए। सभी घटना को लेकर हतप्रभ थे। मौके पर विजय प्रताप बिस्तर पर खून से लथपथ शव पड़ा था।
हत्या की वजह का खुलास नहीं
घटना की सूचना जयसिंहपुर पुलिस को दी गई। घटनास्थल पर पुलिस पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने घटनास्थल का दौरा कर मातहतों को जरूरी दिशा निर्देश दिया। बताया जाता है की विजय प्रताप बीमार चल रहे थे। उन्हें पैरालसिस की वजह से परेशानी थी। हत्या किस वजह से की गई है, इसको लेकर संशय बना हुआ है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। विजय प्रताप की मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
21 अप्रैल को तय है बेटी की शादी, पसरा मातम
विजय प्रताप की बेटी की शादी 21 अप्रैल को तय है। जिसको लेकर तैयारियां चल रही थी। घटना के बाद घर में मातम पसर गया। मृतक के तीन बेटे और दो बेटियां हैं। मृतक का बेटा अंकुर सिंह सब इंस्पेक्टर( दरोगा) के पद पर कानपुर में तैनात है। विजय प्रताप की हत्या के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई है। मृतक की पत्नी तारा देवी की तहरीर पर जयसिंहपुर पुलिस ने अज्ञात के ख़िलाफ़ केस दर्ज कर तेजी से जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी बिन्दुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। हत्या की क्या वजह हो सकती है। इसके लेकर लोगों के बीच चर्चा चल रही है।