वैभव सूर्यवंशी को अब भारतीय टीम में शामिल कर देना चाहिए, पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने तूफानी पारी देख ऑन एयर बोला...
साल 2026 के आईपीएल में अब तक खेले गए मुकाबले में जिस एक नाम ने सबसे ज्यादा चर्चा बटोरी है वह वैभव सूर्यवंशी हैं। उन्होंने आईपीएल के अब तक चार मुकाबले खेले हैं और चेन्नई, मुंबई और आरसीबी जैसी टीमों की अनुभवी गेंदबाजी यूनिट को नेस्तानाबूत कर दिया है। वैभव सूर्यवंशी ने शुक्रवार, 10 अप्रैल को आरसीबी के खिलाफ गुवाहटी के बारसापारा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में आरसीबी के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ पिटाई की। उन्होंने आईपीएल के सबसे सफल गेंदबाज ना तो भुवी को छोड़ा और ना हेजलवुड पर दया दिखाई, बल्कि सबको बराबर ट्रीटमेंट दिया।
वैभव सूर्यवंशी ने खेली 78 रनों की तूफानी पारी
वैभव सूर्यवंशी ने गुवाहटी में खेले गए मुकाबले में पिछले साल की चैंपियन आरसीबी के खिलाफ 26 गेंदों में 78 रनों की तूफानी पारी खेली। 8 चौके और 7 छक्कों के साथ इस दौरान सू्र्यवंशी का स्ट्राइक रेट 300 का रहा, जो अपने आप में उनकी प्रतिभा की कहानी बयान करता है। सूर्यवंशी की शानदार पारी को देखते हुए इस मैच में कमेंट्री कर रहे दिग्गज खिलाड़ियों के पैनल में यह चर्चा तेज हो गई की सूर्यवंशी को अब सीनियर भारतीय टीम में जगह देने में देरी नहीं करनी चाहिए। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और दुनिया के बेहतरीन फील्डरों में से एक मोहम्मद कैफ में कमेंट्री के दौरान ऑन एयर कहा कि सूर्यवंशी को अब भारतीय टीम में बिना किसी शक-सुबहा के शामिल कर लेना चाहिए।
कैफ ने ऑन एयर कहा- अब भारतीय टीम में शामिल करो
पू्र्व भारतीय क्रिकेटर ने कमेंट्री के दौरान कहा कि "अब वो समय आ गया है जब वैभव के लिए बात होनी चाहिए कि उन्हें भारतीय सीनियर क्रिकेटर में जगह मिले।" उन्होंने कहा कि वैभव के साथ इस फॉर्म के साथ टीम में भारतीय टीम में शामिल करने में देर नहीं करनी चाहिए। मोहम्मद कैफ ने कमेंट्री के दौरान कहा कि "अब सही समय आ गया है जब सूर्यवंशी को बिना किसी झिझक के भारतीय टीम में शामिल कर लिया जाए।" एक अन्य कमेंट्रेटर ने उनकी इस बात पर सहमति जताते हुए कहा कि इस खिलाड़ी में दिख रही रनों की भूख को ध्यान में रखते हुए टीम में शामिल करना उचित रहेगा। इससे पहले भी कैफ कह चुके हैं कि सू्र्यवंशी को अब उनकी उम्र से नहीं बल्कि उनके नाम से जाना जाना चाहिए।
सूर्यवंशी ने मैच को बनाया एकतरफा
बता दें कि आज के मैच में वैभव सू्र्यवंशी ने मुकाबले को इतना एकतरफा कर दिया था कि 202 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए आरआर के बल्लेबाजों ने 6 ओवर की समाप्ति पर 97 रन बना लिए थे और जब 8वें ओवर में सूर्यवंशी आउट हुए तब टीम का स्कोर 129 रन था। सूर्यवंशी के आउट होने के बाद रही सही कसर ध्रुव जुरैल ने 80 रन पारी खेलकर पूरी कर दी और राजस्थान रॉयल्स ने मैच को 6 विकेटों से 18 ओवर में ही जीत लिया। यह आरआर की आईपीएल 2026 में लगातार चौथी जीत है।