Headlines
Loading...
लखनऊ सुसाइड न्यूज :: आज दोपहर ज्वैलरी कारोबारी ने खुद को लाइसेंसी बंदूक से मारी गोली, घटना की जाँच जारी...

लखनऊ सुसाइड न्यूज :: आज दोपहर ज्वैलरी कारोबारी ने खुद को लाइसेंसी बंदूक से मारी गोली, घटना की जाँच जारी...

लखनऊ, ब्यूरो। राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर चांदी व आर्टिफिशियल ज्वैलरी कारोबारी ने खुद को लाइसेंसी राइफल से गोली मार ली। मकान की पहली मंजिल पर कमरे में उनका शव खून से लथपथ पड़ा मिला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मौके से लाइसेंसी राइफल भी बरामद कर ली है।

कोर्ट केस से थे परेशान

इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान सरदार कप्तान सिंह (55) निवासी बुद्धेश्वर चौराहा स्थित भपटामऊ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कप्तान सिंह की बहू का दहेज का केस कोर्ट में चल में रहा है। बुधवार को पेशी थी इसे लेकर वह परेशान चल रहे थे। पुलिस का मानना है कि इसी वजह से उन्होंने सुसाइड कर लिया है।

लाइसेंसी राइफल से मारी गोली

सरदार कप्तान सिंह भपटामऊ में परिवार के साथ रहते थे। बुधवार की सुबह वह अपने मकान की पहली मंजिल पर बने पीछे के कमरे में गए और वहां रखी लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। सरदार कप्तान सिंह खून से लथपथ पड़े हुए थे। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की।

दो बेटे साथ रहते हैं

घटना की सूचना मिलने पर एडीसीपी पश्चिम धनंजय कुशवाहा भी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बताया कि सरदार कप्तान सिंह मूल रूप से कासगंज के रहने वाले थे। उनके चार बेटे हैं। इनमें से दो बेटे विनायक और कुलदीप अपनी पत्नियों के साथ भपटामऊ में ही रहते हैं। अन्य दो बेटे अजय और पवन कासगंज में रहते हैं।

कोर्ट गए थे परिवार के कई सदस्य

पवन की पत्नी मोहिनी का दहेज से जुड़ा मामला कासगंज न्यायालय में विचाराधीन है, जिसकी आज बुधवार को पेशी थी। इसी कारण परिवार के अधिकांश सदस्य कोर्ट गए हुए थे। घटना के समय घर में मौजूद दोनों बहुएं अपने-अपने कमरों में थीं। जिसके बाद सरदार कप्तान सिंह ने अपने कमरे में लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मार ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी के चलते ही वह काफी दिनों से परेशान चल रहे थे। जिससे उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।

हर बिंदु पर हो रही जांच

सुसाइड की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस का कहना है कि साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। सूचना पर फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जमा किए. परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। सभी एंगल पर जांच चल रही है।