सीएम योगी का बड़ा ऐलान !! लखीमपुर खीरी के मियांपुर गांव का नाम बदला, अब इस नए नाम से होगी इसकी पहचान...
लखनऊ राज्य ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखीमपुर खीरी दौरे के दौरान एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए जिले के मियांपुर गांव का नाम बदलकर 'रविंद्रनगर' करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि गुरुदेव के सम्मान में अब इस गांव को नए नाम से जाना जाएगा।
उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहचान छिपाने के लिए इस गांव का नाम मियांपुर रखा गया था, जबकि वहां एक भी 'मियां' नहीं रहता था।
सीएम योगी ने जिले के विकास के लिए 213 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। चंदन चौकी में आयोजित कार्यक्रम में थारू समाज के 4356 परिवारों और पूर्वी उत्तर प्रदेश से आए 2350 परिवारों को कुल हजारों हेक्टेयर जमीन के भौमिक अधिकार पत्र सौंपे गए।
गोला गोकर्णनाथ कॉरिडोर
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि गोला गोकर्णनाथ में भगवान महादेव का भव्य कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिससे यह एक बड़े तीर्थ स्थल के रूप में उभरेगा। सपा सरकार के दौरान थारू जनजाति के लोगों पर दर्ज किए गए मुकदमों को वापस लेने का आश्वासन भी मुख्यमंत्री ने दिया।
विपक्ष और पाकिस्तान पर कड़ा प्रहार
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सपा, कांग्रेस और टीएमसी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष हिंदुओं और सिखों पर होने वाले अत्याचारों पर चुप्पी साध लेता है। पाकिस्तान के संदर्भ में उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान के पाप की वजह से वहां के हिंदू विस्थापित हुए, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें अधिकार नहीं दिए। आज की डबल इंजन सरकार हर वर्ग को न्याय दे रही है।'
मुख्यमंत्री ने संबोधन कहा कि, 'यह आयोजन केवल अधिकार प्राप्त करने का नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता से आत्मसम्मान की यात्रा है। हम 'हिंदुआ सूर्य' महाराणा प्रताप के वंशजों को उनका हक देने आए हैं। अब थारू समाज और पुनर्वासित परिवारों को न वन विभाग परेशान करेगा और न ही पुलिस। यूपी अब माफिया और गुंडा मुक्त है, और जो माफिया बनने की कोशिश करेगा, वह मिट्टी में मिलने को तैयार रहे।'