सुबह प्रिंसिपल के कमरे से शोर मचाते हुए भागी लड़की, सातवीं की छात्रा से स्कूल में हुई शर्मनाक हरकत, प्रिंसिपल के खिलाफ FIR दर्ज..
बड़ी खबर :: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित एक प्राइवेट स्कूल में शनिवार को शर्मनाक घटना सामने आई है। स्कूल में रिजल्ट लेने पहुंची कक्षा सात की छात्रा को प्रधानाचार्य ने अपने कक्ष में बुलाया और आरोप है कि उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए जबरन कपड़े उतारने का प्रयास किया।
छात्रा शोर मचाते हुए स्कूल से बाहर भागी और परिजनों को सूचना दी। परिजन स्कूल पहुंचे तो प्रधानाचार्य ने परिवार के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। छात्रा के पिता ने आरोपी प्रधानाचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
रिजल्ट देने के बहाने बुलाया
शनिवार सुबह 13 वर्षीय छात्रा गांव स्थित एक निजी स्कूल में अपना वार्षिक परीक्षा परिणाम लेने गई थी। प्रधानाचार्य ने रिजल्ट देने के बहाने छात्रा को अपने कमरे में बुला लिया। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने छात्रा के साथ अश्लील हरकतें करते हुए जबरन उसके कपड़ों को उतारने का प्रयास किया। प्रधानाचार्य की इस हरकत से छात्रा हैरान रह गई। उसने प्रधानाचार्य की गंदी हरकत का विरोध किया।
इसके बाद भी प्रधानाचार्य अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। उसने जबरन छात्रा के कपड़े उतारने की कोशिश शुरू कर दी। इस पर छात्रा शोर मचाते हुए उसके कमरे से बाहर भागी। छात्रा स्कूल में भी नहीं रुकी। वह सीधे अपने घर पहुंच गई और परिवार वालों को पूरी घटना बता दी।
आनन-फानन में स्कूल पहुंचे छात्रा के परिवारीजन
छात्रा की बातें सुन परिवार के लोगों के होश उड़ गए। उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनकी बेटी के साथ स्कूल में ऐसा कुछ हो सकता है। परिवारीजन आनन-फानन में छात्रा के स्कूल पहुंचे। उन्होंने प्रधानाचार्य की हरकत का विरोध किया। उधर प्रधानाचार्य, छात्रा के परिवारीजनों के सामने अपना रौब दिखाने लगा। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने परिजनों से अभद्रता करते हुए उनके खिलाफ जातिगत टिपणी की। इस घटना के बाद से परिजन और छात्रा में दहशत व्याप्त है।
क्या बोली पुलिस
इस घटना की जानकारी मिलते ही हापुड़ के हाफिजपुर थाने की पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी प्रधानाचार्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही प्रधानाचार्य की तलाश में पुलिस जुट गई है। हाफिजपुर थाने के प्रभारी प्रवीन कुमार ने केसरी न्यूज 24 मीडिया को बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी प्रधानाचार्य के खिलाफ कारवाई करते हुए उसकी तलाश की जा रही है। उन्होंंने कहा कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।