Headlines
Loading...
GT vs RR Preview: वैभव सूर्यवंशी के सामने होगी गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाजों की परीक्षा, आज गिल की कप्तानी पर भी होंगी नजरें...

GT vs RR Preview: वैभव सूर्यवंशी के सामने होगी गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाजों की परीक्षा, आज गिल की कप्तानी पर भी होंगी नजरें...

अहमदाबाद। कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज की मौजूदगी वाला तेज गेंदबाजी आक्रमण देखने में तो काफी खतरनाक लगता है, लेकिन आज शनिवार को राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की मैच में बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर वंडर ब्वाय वैभव सूर्यवंशी के सामने उनकी कड़ी परीक्षा होगी।

पंद्रह वर्षीय सूर्यवंशी ने आईपीएल में अपने दूसरे सत्र की शानदार शुरुआत की। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के विरुद्ध केवल 15 गेंद पर अर्धशतक जड़ दिया था जिससे उसकी टीम ने 127 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर दिया था। सूर्यवंशी शनिवार को नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में एक बार फिर से आक्रामक रुख अपनाने की कोशिश करेंगे, लेकिन गुजरात टाइटंस का गेंदबाजी आक्रमण काफी मजबूत है जिसमें रबाडा, सिराज और प्रसिद्ध जैसे खतरनाक तेज गेंदबाज हैं।

शुभमन गिल की रणनीति

इस मैच में टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल से बेहतर रणनीति अपनाने की उम्मीद की जाएगी क्योंकि पंजाब किंग्स के विरुद्ध पिछले मैच में टीम की हार के दौरान उनके कुछ फैसलों की आलोचना हुई थी। इस मैच में जहां सिराज को केवल दो ओवर दिए गए थे वहीं प्रसिद्ध को 13वें ओवर में गेंदबाजी के लिए लाया गया था। बल्लेबाजी की बात करें तो नरेन्द्र मोदी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जा रही है, जहां वे खुलकर बल्लेबाजी कर सकते हैं। टूर्नामेंट में अब तक सभी टीम ने लक्ष्य का पीछा करना अच्छा समझा है।

शीर्ष तीन बल्लेबाजों की पर अत्यधिक निर्भरता

राजस्थान रॉयल्स के पास नांद्रे बर्गर और जोफ्रा आर्चर जैसे दो अच्छे तेज गेंदबाज हैं तथा वह गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर को शुरुआती ओवरों में कड़ी चुनौती देना चाहेंगे। गुजरात टाइटंस की समस्या उसकी शीर्ष तीन बल्लेबाजों की पर अत्यधिक निर्भरता है। कप्तान गिल और बटलर दोनों ही मुल्लांपुर में पंजाब किंग्स के विरुद्ध अपने रंग में नहीं दिखे। सुदर्शन भी चोट से उबरने के बाद लय हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। यही नहीं शाहरुख खान, वॉशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया की मौजूदगी वाला उनका मध्य क्रम भी उतना भरोसेमंद नहीं है।

सूर्यवंशी पर हावी होने का मौका मिल सके

राजस्थान रॉयल्स के विरुद्ध अगर टाइटंस पहले बल्लेबाजी करता है तो उसे कम से कम 220 रन बनाने होंगे ताकि उनके गेंदबाजों को सूर्यवंशी पर हावी होने का मौका मिल सके। अगर वह लक्ष्य का पीछा करते हैं तो उन्हें विपक्षी टीम को 200 रन के अंदर रोकना होगा। पिछले दो सत्र में डेथ ओवरों में उनकी बल्लेबाजी कुछ खास प्रभावशाली नहीं रही। तेवतिया शुरुआत से ही आक्रामक नजर नहीं आए हैं। शाहरुख की अच्छे गेंदबाजी आक्रमण के सामने तकनीकी दिक्कतें हैं और यह हैरानी की बात है कि आशीष नेहरा जैसे काबिल कोच ने उनका कोई अच्छा विकल्प नहीं ढूंढा है।

कागजों पर टीम काफी मजबूत है

रॉयल्स की बात है तो कागजों पर टीम काफी मजबूत दिख रही है। हालांकि, असम के रियान पराग को कप्तान नियुक्त करने के फैसले पर अभी भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि रवींद्र जडेजा, यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरैल जैसे भारतीय स्टार खिलाड़ियों को नजरअंदाज किया गया।

राजस्थान रॉयल्स की टीम

रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरैल, डोनोवन फरेरा, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि सिंह, अमन पेराला, शिमरोन हेटमायर, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल, रवींद्र जडेजा, एडम मिल्ने, ब्रिजेश शर्मा, जोफ्रा आर्चर, कुलदीप सेन, क्वेना मफाका, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और संदीप शर्मा।

गुजरात टाइटंस की टीम

शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, कुमार कुशाग्र, अनुज रावत, जोस बटलर, निशांत सिंधु, वॉशिंगटन सुंदर, अरशद खान, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ईशांत शर्मा, गुरनूर सिंह बरार, राशिद खान, मानव सुथार, साई किशोर, जयंत यादव, ग्लेन फिलिप्स, जेसन होल्डर, अशोक शर्मा, ल्यूक वुड, पृथ्वी राज यारा, टॉम बैंटन।