Headlines
Loading...
IND W vs SA W: साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की शर्मनाक हार, सीरीज में अब तक नहीं खुला जीत का खाता...

IND W vs SA W: साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की शर्मनाक हार, सीरीज में अब तक नहीं खुला जीत का खाता...

पीटीआई, खेल ब्यूरो डरबन। क्लो ट्रायोन (3/22) की अगुआई में गेंदबाजों के कमाल के बाद कप्तान लौरा वोल्वार्ट (54) और सुने लुस (57) की अर्धशतकीय पारियों और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 106 रन की साझेदारी के बूते दक्षिण अफ्रीका ने पांच मैचों की सीरीज के दूसरे टी-20 मुकाबले में में रविवार को भारत को 17 गेंद शेष रहते आठ विकेट से हरा दिया है।

सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा के आक्रामक 57 रन के बावजूद भारतीय टीम 147 रन पर आउट हो गई। टी20 में अपना 15वां अर्धशतक जड़ने वाली शेफाली ने पदार्पण कर रही अनुष्का शर्मा (28) के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 रन की अच्छी साझेदारी की। शेफाली ने 38 गेंदों की पारी में सात चौके और दो छक्के लगाए। दक्षिण अफ्रीका ने 17.1 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाकर सीरीज में 2-0 की बढ़त कायम कर ली।

श्रेयंका पाटिल एकमात्र सफल गेंदबाज

वोल्वार्ट ने 34 गेंदों की पारी में सात चौके और एक छक्का, जबकि लुस ने 46 गेंदों की पारी में छह चौके और एक छक्का जड़ा। दोनों ने महज 73 गेंदों में 106 रन की साझेदारी कर टीम की एकतरफा जीत सुनिश्चित की। भारतीय टीम का क्षेत्ररक्षण काफी खराब रहा और टीम ने कई आसान कैच टपकाए, जिससे बल्लेबाजों पर दबाव नहीं बन पाया। भारत के लिए दोनों विकेट श्रेयंका पाटिल ने लिए।