IPL 2026: श्रेयस अय्यर को क्या कहकर बुलाते हैं प्रिटी जिंटा के बच्चे, पंजाब किंग्स की मालकिन ने खुद खोला सीक्रेट...
Preity Zinta Praises Shreyas Iyer: आईपीएल 2026 में श्रेयस अय्यर ने शानदार खेल दिखाते हुए बतौर कप्तान अपनी टीम के लिए टूर्नामेंट में मजबूत दावेदारी पेश की है। उनका मुख्य लक्ष्य Punjab Kings को पहला खिताब दिलाना है, खासकर 2025 के फाइनल में Royal Challengers Bengaluru से मिली करीबी हार के बाद। इस सीजन में अब तक टीम का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। पहले 6 मैचों में टीम अजेय रही है और IPL इतिहास की अपनी सबसे बेहतरीन शुरुआत दर्ज की है। श्रेयस और टीम की परफॉर्मेंस से प्रिटी जिंटा भी बेहद खुश हैं।
प्रिटी जिंटा ने की श्रेयस अय्यर की तारीफ
पंजाब किंग्स की को-ऑनर और एक्ट्रेस प्रिटी जिंटा ने श्रेयस अय्यर की खुलकर तारीफ की है। सोमवार को उन्होंने अपने X हैंडल पर एक पोस्ट की। दरअसल, उनके एक फैन ने उनसे अय्यर के साथ काम करने का अनुभव पूछा, जिस पर उन्होंने कहा कि वह एक इंस्पायरिंग और स्ट्रैटेजिक कप्तान हैं, जो खुद उदाहरण बनकर टीम का नेतृत्व करते हैं। उन्होंने अय्यर को बुद्धिमान, शांत स्वभाव का और टीम के हर सदस्य के लिए हमेशा उपलब्ध बताया। प्रिटी ने यह भी बताया कि उनके बच्चे अय्यर को बहुत पसंद करते हैं और उन्हें प्यार से 'श्रेयस भैया' कहकर बुलाते हैं।
'महिला ट्रॉफी नहीं होती'-प्रीति जिंटा का जवाब
एक फैन ने सोशल मीडिया पर वायरल एक ट्वीट का ज़िक्र किया, जिसमें कहा गया था कि पंजाब किंग्स ने अब तक IPL ट्रॉफी नहीं जीती क्योंकि प्रीति जिंटा खुद एक ट्रॉफी हैं। इस पर प्रीति ने बहुत सधी हुई प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह बात सुनने में अच्छी लगती है, लेकिन कोई भी महिला ट्रॉफी नहीं बनना चाहती। ट्रॉफी पर मालिकाना हक होता है, जबकि महिलाओं की जगह किसी की जिंदगी और दिल में होती है।
IPL जीतने को लेकर अय्यर का साफ लक्ष्य
कुछ दिन पहले श्रेयस अय्यर ने इस IPL सीजन के लिए अपनी स्ट्रैटेजी शेयर की थी। उन्होंने कहा कि वह हर टूर्नामेंट में जीतने के इरादे से उतरते हैं और उनके लिए जीत ही सबसे अहम है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर जीत नहीं मिलती, तो वह उसे स्वीकार कर आगे बढ़ते हैं, लेकिन उनकी हर कोशिश ट्रॉफी जीतने के लिए होती है। अय्यर ने साफ किया कि इस साल उनका लक्ष्य IPL जीतना है और इसके लिए टीम को छोटे-छोटे कदम उठाने होंगे। उन्होंने टीमवर्क और सामूहिक प्रयास को सफलता की कुंजी बताया।
प्रिटी जिंटा करने जा रहीं फिल्मों में कमबैक
वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रिटी जिंटा लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। उनकी आखिरी फिल्म 'भैयाजी सुपरहिट' थी। अब वह 'लाहौर 1947' में मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ सनी देओल, शबाना आजमी, करन देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।