कौन हैं साकिब हुसैन? IPL में एक और बिहारी ने उड़ाया गर्दा, जिसके लिए मां ने गहने बेचकर जूते खरीदे, मजदूर के बेटे ने डेब्यू को बनाया यादगार..
Who is Sakib Hussain: वैभव सूर्यवंशी के बाद अब एक और बिहार के क्रिकेटर ने आईपीएल में गर्दा उड़ा दिया है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद की शानदार जीत में भले ही प्रफुल्ल हिंगे सबसे बड़े हीरो रहे, लेकिन 21 साल के युवा तेज गेंदबाज साकिब हुसैन को नजरअंदाज करना बेईमानी होगी.सनराइजर्स के इन दोनों गेंदबाजों ने आईपीएल डेब्यू पर यादगार प्रदर्शन किया। प्रफुल्ल हिंगे ने पारी के पहले ओवर में ही 3 विकेट लेकर इतिहास रचा, जबकि साकिब ने अपने 4 ओवर में सिर्फ 24 रन देकर 4 विकेट चटकाए।
बिहार के गोपालगंज जिले में जन्में साकिब हुसैन के लिए क्रिकेट और आईपीएल में डेब्यू करने तक का सफर आसान नहीं रहा है. यहां तक पहुंचने में उन्होंने तो दिन-रात मेहनत की ही, साथ में माता-पिता ने भी औकात से बाहर जाकर एड़ी से चोटी तक की ताकत झोंक दी. एक गरीब परिवार से आने वाले साकिब हुसैन ने अपने आईपीएल डेब्यू पर वो कारनामा किया है, जिसे फैंस लंबे समय तक याद रखेंगे।
कौन हैं बिहार के क्रिकेटर साकिब हुसैन?
साकिब हुसैन का जन्म 14 दिसंबर, 2004 को बिहार के गोपालगंज में हुआ था. उनके परिवार के ज्यादातर सदस्य किसान थे और खेती कर पेट पालते थे. साकिब के पिता एक मजदूर थे और मिस्ट्री का काम करते थे. दिनभर पसीना बहाने के बाद उन्हें दिहाड़ी में 200-300 रुपये मिलते थे. डॉक्टर, इंजीनियर बनने का सपना देखने के लिए साकिब हुसैन के पास पैसे नहीं थे. हां, वो गेंदबाजी दमदार करते थे. वो आर्मी में जाना चाहते थे. फिर दोस्तों ने कहा कि इतना अच्छा खेलते हो तो क्रिकेट में किस्मत क्यों नहीं आजमाते? साकिब ने जवाब दिया- 'गेंदबाजी करने के लिए जूते चाहिए, अगर जूते खरीद लिए तो खाएंगे कहां से?
मां ने गहने बेचकर खरीदे जूते
बढ़ती उम्र के कारण साकिब के पिता को मजदूरी करने में परेशानी होने लगी. घर चलाने के लिए साकिब 500-700 रुपये में टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलते थे. जैसे-तैसे कर उन्होंने गोपालगंज में ही एक क्रिकेट एकेडमी में नाम लिखवाया. जब रणजी ट्रॉफी में बिहार टीम के लिए साकिब हुसैन का चयन हुआ तो उनके पास जूते नहीं थे. बेटे को फटे जूते में खेलते देख मां से रहा नहीं गया और उसने अपने गहने बेचकर साकिब के लिए जूते खरीदे. आज 'बिहार के लाल' ने जिस अंदाज में आईपीएल में डेब्यू किया है, उसे देखकर उनका परिवार गौरवान्वित महसूस कर रहा होगा।
IPL में किया ड्रीम डेब्यू
21 साल के साकिब हुसैन ने आईपीएल में ड्रीम डेब्यू किया है. प्रफुल्ल हिंगे के साथ मिलकर उन्होंने राजस्थान के बल्लेबाजों को तहस-नहस कर दिया. 'गोपालगंज एक्सप्रेस' के नाम से मशहूर साकिब ने अपने 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट चटकाए. वो आईपीएल डेब्यू पर चार विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं. खैर, ये तो बस शुरुआत है, अभी उन्हें लंबा सफर तय करना है. उम्मीद है कि शानदार आगाज के बाद वो ऐसे ही आगे बढ़ते रहेंगे और सनराइजर्स हैदराबाद के जरिए भविष्य में टीम इंडिया का दरवाजा भी खटखटाएंगे।
बता दें कि साकिब हुसैन को आईपीएल 2024 से पहले हुए ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 20 लाख रुपये में खरीदा था। हालांकि, उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। अगले साल वो नीलामी में अनसोल्ड रहे। आईपीएल 2026 से पहले हुए मिनी ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 30 लाख रुपए में खरीदा।