LPG ग्राहकों की मौज...सरकार ने किया 4 बड़े बदलावों का ऐलान, अब मिनटों में मिलेगा गैस सिलेंडर...
नईदिल्ली ब्यूरो। देश में रसोई गैस (LPG) और पाइप वाली गैस (PNG) की सप्लाई को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर केंद्र सरकार ने विराम लगा दिया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्थिति साफ करते हुए कहा है कि पूरे देश में गैस की आपूर्ति न केवल सामान्य है, बल्कि तकनीकी सुधारों की वजह से अब उपभोक्ताओं को पहले से कहीं ज्यादा बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। सरकार ने चार ऐसे बड़े अपडेट्स दिए हैं, जो सीधे आपकी रसोई और जेब पर असर डालेंगे।
डिलीवरी सिस्टम में जबरदस्त सुधार और पारदर्शिता
सरकार ने बताया कि गैस चोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए शुरू किया गया 'डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड' (DAC) सिस्टम अब पूरी तरह रंग ला रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, देश में LPG सिलेंडरों की डिलीवरी का स्तर 94.5 प्रतिशत के पार पहुंच गया है। सबसे बड़ी बात यह है कि 99 प्रतिशत उपभोक्ता अब ऑनलाइन बुकिंग का सहारा ले रहे हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी हो गई है और बिचौलियों का खेल खत्म हो गया है।
छोटे गैस सिलेंडरों की मची धूम
5 किलो वाले छोटे FTL सिलेंडरों ने बाजार में धूम मचा रखी है। 1 अप्रैल 2026 से अब तक 18.63 लाख से ज्यादा छोटे सिलेंडर बेचे जा चुके हैं। आलम यह है कि एक ही दिन में करीब 80,000 सिलेंडरों की बिक्री दर्ज की जा रही है। सरकारी तेल कंपनियों ने जागरूकता शिविर लगाकर उन लोगों तक गैस पहुंचाई है, जिन्हें बड़े सिलेंडर लेने या रखने में दिक्कत आती थी। ये सिलेंडर उन लोगों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं जो अकेले रहते हैं या जिनका बजट कम है।
PNG कनेक्शन का हो रहा है तेज विस्तार
पाइप वाली गैस यानी PNG के क्षेत्र में भी सरकार ने लंबी छलांग लगाई है। साल 2026 की शुरुआत से अब तक 5.36 लाख से ज्यादा नए PNG कनेक्शन चालू किए जा चुके हैं। करीब 2.61 लाख नए कनेक्शनों का ढांचा भी तैयार है। इस तरह देश में सक्रिय PNG कनेक्शनों की संख्या लगभग 7.97 लाख हो गई है। खास बात यह है कि हजारों पुराने LPG उपभोक्ताओं ने अब खुद को PNG में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे रसोई गैस का इस्तेमाल और भी आसान हो गया है।
100% सप्लाई का भरोसा और कंपनियों के ऑफर
सरकार ने भरोसा दिलाया है कि घरेलू इस्तेमाल (PNG) और गाड़ियों के लिए (CNG) की 100% सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है। IGL, MGL, GAIL Gas और BPCL जैसी दिग्गज कंपनियां न केवल नेटवर्क बढ़ा रही हैं, बल्कि नए ग्राहकों को लुभाने के लिए कई तरह के प्रोत्साहन और ऑफर भी दे रही हैं। सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में हर घर तक सुरक्षित और सस्ती पाइप वाली गैस पहुंच सके।