दो लीटर पानी, कागज पर ORS और 16 किमी पैदल ड्यूटी पर प्रयागराज DRM को घेरेगी रेल यूनियन, ट्रैकमैनों की उपेक्षा का मुद्दा...
प्रयागराज, न्यूज। चिलचिलाती धूप के बीच ट्रैकमैनों को 12 की जगह 16 किलोमीटर पैदल पेट्रोलिंग कराने, बिना ओआरएस पैकेट दिए आपूर्ति कागजों पर पूरी दिखाने और मात्र दो लीटर पानी का प्रबंध होने का मुद्दा कल बुधवार 29 अप्रैल को फिर से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में गूंजेंगे।
ट्रैकमैनों की उपेक्षा का मुद्दा प्राथमिकता में
डीआरएम के साथ नार्थ सेंट्रल रेलवे इंप्लाइज संघ की दो दिवसीय स्थायी वार्ता तंत्र (पीएनएम) की बैठक में इस मुद्दे को प्राथमिक सूची में रखा गया है और पर यूनियन आरपार की लड़ाई के मूड़ है। इसके अलावा इंजीनियरिंग विभाग में म्यूचल ट्रांसफर के लिए आनलाइन आवेदन के कई साल बाद भी कार्रवाई न होने और अधिकारियों की चौखट पर आवेदनकर्ताओं से चक्कर लगाने के मामले ने भी तूल पकड़ा है, पीएनएम में इस पर भी गहमागहमी रहेगी।
इन मसलों पर भी मुखर होगी यूनियन
इसके अलावा कोरल क्लब में टेंडर पर टेंडर करने और केवल शादी विवाह के लिए बुकिंग तक कोरल क्लब को सीमित करने पर भी यूनियन नाराज है। यूनियन का कहना है कि रेलकर्मियों के लिए यहां टेनिस और बैडमिंटन कोर्ट के लिए कई सालों से बस आश्वासन दिया जा रहा है। अन्य मुद्दों में नई मल्टी स्टोरी के पार्किंग में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग प्वाइंट बनाने, लोको पायलटों के तीन साल के ओवर टाइम भत्ते का भुगतान करने और जूनियर ग्रेड के ट्रैकमैनों से उच्च ग्रेड के कर्मचारियों वाले काम कराने का मुद्दा भी शामिल है।
आंदोलन की चेतावनी दी
एनसीआरईएस के मंडल मंत्री चंदन कुमार सिंह ने कहा कि एक ही समस्या को बार-बार नहीं गिनाया जाएगा। समस्याओं को या तो रेल प्रशासन हल करे, अन्यथा हम वैधानिक ढंग से हम आंदोलन को बाध्य होंगे। कर्मचारियों के मुद्दों को पूरी जोरशोर से बैठक में रखेंगे और उन्हें हर हाल में पूरा कराया जाएगा।