PM Modi आज काशी में: 'जनआक्रोश महिला सम्मेलन', 2 नई अमृत भारत ट्रेनों की देंगे सौगात
वाराणसी, ब्यूरो। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचेंगे। वह 'जनआक्रोश महिला सम्मेलन' को संबोधित करेंगे और इस मंच से नारी वंदन संशोधन विधेयक को लेकर अपनी बात रखेंगे।इस दौरान वह बनारस से पुणे (हडपसर) और अयोध्या से मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) के लिए दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाएंगे।
प्रधानमंत्री आज काशी में, 'जनआक्रोश महिला सम्मेलन' को करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री दोपहर करीब 1:30 बजे बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे। शाम पांच बजे बरेका इंटर कालेज मैदान में बने मंच से वह महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहेंगे।
बुधवार को वह श्री काशी विश्वनाथ मंदिर जाकर दर्शन-पूजन करेंगे
पार्टी ने सम्मेलन में करीब 50 हजार महिलाओं की भागीदारी का दावा किया है। पीएम मोदी की 2014 के बाद काशी की यह 53वीं यात्रा होगी। अगले दिन बुधवार को वह श्री काशी विश्वनाथ मंदिर जाकर दर्शन-पूजन करेंगे फिर बाबतपुर एयरपोर्ट से हरदोई के लिए रवाना हो जाएंगे। हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण होना है।