Headlines
Loading...
PM मोदी ने महिला आरक्षण के मामले पर सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना, बनारस में कहा- 'इनकी वजह से गिरा महिला आरक्षण बिल'...

PM मोदी ने महिला आरक्षण के मामले पर सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना, बनारस में कहा- 'इनकी वजह से गिरा महिला आरक्षण बिल'...

वाराणसी, ब्यूरो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (28 अप्रैल) को महिला आरक्षण बिल के मामले पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा. पीएम मोदी ने बनारस में कहा कि कांग्रेस-सपा की वजह से महिला आरक्षण बिल पास नहीं हो पाया.उन्होंने उत्तर प्रदेश के वाराणसी को करोड़ों रुपए की योजनाओं की सौगात दी. इसके साथ ही पीएम ने दो नई अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी भी दिखाई।

पीएम मोदी ने कहा, 'काशी के सांसद के तौर पर देश के प्रधानमंत्री के तौर पर मुझे देशहित के एक बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आपका आशीर्वाद चाहिए और यह बड़ा लक्ष्य है, लोकसभा-विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण को लागू करना।'

उन्होंने कहा, 'अभी कुछ दिन पहले सपा और कांग्रेस जैसे दलों की वजह से हमारा यह प्रयास संसद में सफल नहीं हो पाया, लेकिन मैं आप सभी बहनों को फिर से भरोसा देता हूं कि आपके आरक्षण का हक लागू हो, इसमें कोई कोर कसर बाकी नहीं छोडूंगा।'

चलता रहेगा भारत को विकसित बनाने का मिशन - पीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'भारत को विकसित बनाने का मिशन अनवरत चल रहा है और जब मैं विकसित भारत की बात करता हूं, तो उसका सबसे मजबूत स्तंभ भारत की नारीशक्ति है. हमारी सरकार की नीतियों में निरंतर महिला कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।'

उन्होंने कहा, '2014 में आपने हमें सेवा का अवसर दिया तो देश में 12 करोड़ से ज्यादा शौचालय बने. 30 करोड़ से ज्यादा बहनों के बैंक खाते खुले. 2.5 करोड़ से ज्यादा घरों में बिजली का कनेक्शन दिया गया. 12 करोड़ से ज्यादा घरों में नल से जल पहुंचाया, यानी अनेक बड़ी योजनाओं के केंद्र में बहनों-बेटियों को रखा गया।'

महिलाओं की भागीदारी पर क्या बोले प्रधानमंद्री मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि सुविधा और सुरक्षा का विश्वास देने के साथ-साथ हमने बहनों की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया है. उन्होंने कहा, 'बीते 11 वर्षों में देश की करीब 10 करोड़ बहनें स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं, इन समूहों को लाखों रुपये की मदद मिल रही है, जिससे बहनें अपना काम कर रही हैं. ऐसे ही प्रयासों से 3 करोड़ बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं।'