Headlines
Loading...
ले तो आए बस से, वापस 'हमें पैदल भेजा, धूप में चक्कर आ गया', PM मोदी की सभा में गई कई छात्राओं की शिकायत...

ले तो आए बस से, वापस 'हमें पैदल भेजा, धूप में चक्कर आ गया', PM मोदी की सभा में गई कई छात्राओं की शिकायत...

वाराणसी ब्यूरो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे थे। इस मौके पर 'महिला सम्मेलन' आयोजित किया गया था। दो दिन की उत्तर प्रदेश यात्रा पर पहुंचे पीएम मोदी ने 6300 करोड़ से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया। इसी क्रार्यक्रम में बुलाई गई छात्राओं का कहना है कि उन्हें बस से ले जाया गया था लेकिन लौटते वक्त पैदल ही भेज दिया गया। भीषण गर्मी में पैदल चलने का नतीजा यह हुआ कई कि छात्राओं को चक्कर आ गया और कई रास्ते में ही गिर गईं। इसी के बाद छात्राओं ने रास्ते में ही धरना प्रदर्शन किया। इस मामले पर पुलिस उपायुक्त गौरव बंसवाल का कहना है कि पीएम मोदी के कार्यक्रम में खराब इंतजाम के आरोप गलत हैं।

प्रदर्शन कर रही उपकार नर्सिंग होम की नर्सिंग की छात्राओं ने बताया कि अस्पताल प्रशासन की ओर से उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में ले जाया गया था। छात्राओं का कहना है कि कार्यक्रम में ले जाने के लिए उन्हें भीषण गर्मी में दोपहर 1 बजे ही बुला लिया गया था जबकि उन्हें 4 बजे बस से बरेका मैदान ले जाया गया। छात्राओं का आरोप है कि लौटते समय उन्हें पैदल ही छोड़ दिया गया जिससे भीषण धूप की वजह से कई लड़कियों को चक्कर आ गए और वे रास्ते में ही गिर गईं। इसके बाद छात्राओं ने सुंदरपुर-लंका मार्ग पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रशासन ने बताई हकीकत

छात्राओं ने कहा कि खराब प्रबंधन से परेशान होकर उन्होंने यह धरना प्रदर्शन किया है। हालांकि, बाद में प्रशासन के अधिकारियों ने जब उन्हें समझाया तो छात्राओं ने धरना समाप्त कर दिया। पुलिस उपायुक्त गौरव बंसवाल ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में खराब प्रबंधन के आरोपों को गलत बताया है। गौरव बंसवाल ने बताया कि देर शाम सूचना मिली थी कि उपकार अस्पताल में नर्सिंग की कुछ छात्राएं धरना प्रदर्शन कर रहीं हैं। उन्होंने बताया कि इसी आधार पर प्रशासन की टीम आई और छात्राओं से वार्ता की जिसमें पता चला कि कॉलेज प्रशासन ने उनके काम करने की स्थिति को बहुत ही कठिन बना दिया है।

गौरव बंसवाल ने दावा किया कि छात्रों के अभिभावकों ने भी बताया कि अस्पताल का प्रबंधन छात्राओं के किसी भी प्रकार की समस्याओं को सुनता नहीं है और न ही उसके समाधान की कोशिश करता है। उन्होंने कहा कि कई सोशल मीडिया चैनलों की ओर से यह बताया गया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में खराब प्रबंधन की वजह से छात्राएं धरना प्रदर्शन कर रही हैं, जो कि सरासर गलत है।

बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। अपनी इस यात्रा के पहले दिन उन्होंने वाराणसी में 6300 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। बुधवार को भी वह उत्तर प्रदेश में ही रहेंगे और गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे।