RCB vs DC: कोहली के गढ़ में केएल का हल्ला बोल, रोमांचक मैच में DC ने मारी बाजी, 6 विकेट से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को हराया...
RCB vs DC: शनिवार को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 26वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को एक गेंद शेष रहते 6 विकेट से हरा दिया है। दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था और आरसीबी को 20 ओवर में 175 रन पर रोक दिया।
इसके बाद टारगेट का पीछा करने उतरी (RCB vs DC) की शुरुआत खराब रही, लेकिन अक्षर पटेल, ट्रिस्टन स्टब्स, केएल राहुल और डेविड मिलर की शानदार पारियों की बदौलत जीत हासिल कर ली। बता दें कि, दिल्ली को जीत के लिए अंतिम ओवर में 15 रन बनाने थे, लेकिन मिलर ने 1 गेंद पहले ही टारगेट को सफलतापूर्वक चेज कर लिया और अपनी टीम को दो अंक दिला दिए।
RCB vs DC:18 पर गंवाए 3 विकेट
दिल्ली कैपिटल्स (RCB vs DC) को जीत के लिए 20 ओवर में 176 रन बनाने थे, लेकिन 18 रन के अंदर ही उन्होंने अपने तीन बड़े विकेट गंवा दिए। भुवनेश्वर कुमार ने पहले पथुम निसांका (1) को पगबाधा (LBW) किया तो इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर आए करुण नायर 5 के व्यक्तिगत स्कोर पर चलते बने। वहीं, शानदार फॉर्म में चल रहे समीर रिजवी भी 2 से अधिक रन नहीं बना सके।
भुवनेश्वर कुमार ने दिल्ली का स्कोर एक समय 18 पर तीन विकेट कर दिया था और यहां से दिल्ली (RCB vs DC) काफी दूर नजर आ रही थी। केएल राहुल ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और दोनों ने 44 गेंदों पर 69 रन की शानदार साझेदारी की। इस पार्टनरशिप की खास बात रही कि जहां केएल राहुल आक्रामक शॉट्स खेल रहे थे तो स्टब्स एंकर की भूमिका निभा रहे थे।
केएल-स्टब्स ने जड़ा पचासा
केएल राहुल ने मैच (RCB vs DC) में 34 गेंदों पर 57 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली थी, जिसमें उन्होंने 6 चौके और 2 छक्के मारे थे। केएल का विकेट गिरने के बाद कप्तान अक्षर पटेल और स्टब्स ने पारी को बुनना शुरू किया। इस दौरान अक्षर अटैक कर रहे थे तो स्टब्स पारी को मजबूती देने का कार्य कर रहे थे। स्टब्स अक्षर ने 24 गेंदों पर 47 रन जोड़े, लेकिन 19 गेंदों पर 26 रन बनाकर अक्षर को रिटायर हर्ट होकर बाहर जाना पड़ा।
इसके बाद डेविड मिलर ने 10 गेंदों पर 22 रन की नाबाद पारी खेलकर डीसी को दो अंक दिला दिए। वहीं, ट्रिस्टन स्टब्स ने 47 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाए। बता दें कि, स्टब्स ने मैच में अपनी भूमिका को बखूबी निभाया और टीम को जीत दिलाकर ही वापस लौटे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB vs DC) की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने सर्वाधिक 3 शिकार किए तो क्रुंणाल पंड्या को एक सफलता हाथ लगी।
बेंगलुरु को मिला था बल्लेबाजी का न्योता
टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB vs DC) को विराट कोहली और फिल साल्ट की ओपनिंग जोड़ी ने 52 रन की शानदार शुरुआत दिलाई। विराट कोहली 13 गेंदों पर 19 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद पडिक्कल के साथ मिलकर साल्ट ने दूसरे विकेट के लिए 29 गेंदों पर 47 रन जोड़े और टीम को मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया।
हालांकि, पडिक्कल भी 13 गेंदों पर 18 रन बनाकर चलते बने तो इन फॉर्म कप्तान रजत पाटीदार केवल 8 रन ही बना सके। फिल साल्ट भी 38 गेंदों पर 63 रन की पारी खेलकर आउट हो गए। आउट होने से पहले उन्होंने 63 रन की पारी में 4 चौके और 3 छक्के मारे थे। आज के मैच में साल्ट ने धैर्य और आक्रामक दोनों रूप दिखाएं।
डेथ ओवर में बनाए सिर्फ 29 रन
फिल साल्ट का विकेट गिरने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB vs DC) निरंतर काल पर अपने विकेट गंवाती रही। साल्ट और पाटीदार का विकेट गिरने के बाद टिम डेविड ने 17 बॉल पर 26 रन बनाए। बता दें कि, आरसीबी के लिए इस मैच में फिल साल्ट और टिम डेविड के अलावा अन्य कोई भी बल्लेबाज 20 का आंकड़ा पार नहीं कर सका। जितेश शर्मा ने मैच में 14 रन बनाए तो, रोमारियो शेफर्ड के बल्ले से सिर्फ एक रन निकला।
क्रुंणाल पंड्या ने 12 रन बनाए, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 3 रन का योगदान दिया। इसके चलते आरसीबी 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 175 रन ही बना सकी। बता दें कि, गत विजेता ने अंतिम पांच ओवर में सिर्फ 29 रन बनाए और 3 विकेट गंवाए। दिल्ली कैपिटल्स (RCB vs DC) की ओर से कप्तान अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और लुंगी एनगिडी ने दो-दो विकेट लिए तो मुकेश कुमार को एक सफलता प्राप्त हुई।