Headlines
Loading...
RJD प्रवक्ता कंचना यादव और प्रियंका भारती के खिलाफ दर्ज हुआ FIR, जानें पूरा मामला...

RJD प्रवक्ता कंचना यादव और प्रियंका भारती के खिलाफ दर्ज हुआ FIR, जानें पूरा मामला...

आरजेडी की दो प्रवक्ताओं प्रियंका भारती और कंचना यादव के खिलाफ नोएडा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज (FIR) दर्ज की है। दोनों प्रवक्ताओं पर आरोप है कि मध्य प्रदेश में पुलिस द्वारा एक व्यक्ति की पिटाई को इन लोगों ने नोएडा में श्रमिक आंदोलन से जोड़ा और एक्स पर पोस्ट डालकर माहौल को भड़काया। प्राथमिकी (FIR) के अनुसार, श्रमिकों ने पहले धरना प्रदर्शन किया। व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिए गए थे। हालांकि, शांतिपूर्ण बातचीत की बार-बार अपील के बावजूद प्रदर्शनकारियों के तितर-बितर होने से इनकार करने पर स्थिति और बिगड़ गई।

जिसके बाद भीड़ ने नारे लगाने शुरू कर दिए और बाद में संदीप पेपर मिल की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कों को अवरुद्ध कर दिया। इसके बाद समूह एक गोलचक्कर से होते हुए चिल्ला सीमा की ओर बढ़ा और सड़क पर बैठ गया, जिससे दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेसवे पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया। इससे यातायात बुरी तरह बाधित हो गया।

एफआईआर में कहा गया है कि प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क उठी। प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर मदरसन कंपनी के गेट पर हमला किया और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। नोएडा प्राधिकरण द्वारा रखे गए गमलों और सरकारी बैरिकेड्स सहित सार्वजनिक संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा। झड़प के दौरान पत्थरबाजी की सूचना मिली। पत्थरों की चपेट में आने से सब-इंस्पेक्टर योगेंद्र सिंह के चेहरे और सीने पर चोटें आईं। सब-इंस्पेक्टर बृजपाल सिंह उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए।

पुलिस कार्रवाई और नियंत्रण

स्थिति बिगड़ने के बाद, पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर भीड़ को तितर-बितर करने के लिए कदम उठाए। अंततः स्थिति नियंत्रण में आ गई। प्रभावित क्षेत्रों में व्यवस्था बहाल होने के बाद अधिकारी घटनाक्रम पर लगातार नजर रख रहे हैं।

FIR की धाराओं का क्या अर्थ है?

पुलिस ने प्रमुख रूप से एफआईआर धारा 191(2), 115(2), 121(1), 127(2), 324(4), 3(5) और 7 के तहत दर्ज की गई है। ये धाराएं हिंसा में लिप्त गैरकानूनी सभा की संलिप्तता को दर्शाती हैं, जिससे चोट पहुंचाई गई, अधिकारियों को बाधा पहुंचाई गई, आवागमन प्रतिबंधित किया गया और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया।

धारा 191(2) दंगा करने से संबंधित है, जबकि धारा 115(2) जानबूझकर चोट पहुंचाने से संबंधित है। धारा 121(1) तब लागू होती है जब किसी लोक सेवक को कर्तव्य पालन करने से रोकने के लिए उसे नुकसान पहुंचाया जाता है। धारा 127(2) गलत तरीके से कैद करने से संबंधित है। धारा 324(4) संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से संबंधित है। धारा 3(5) संयुक्त दायित्व स्थापित करती है, जिसका अर्थ है कि इस कृत्य के लिए सभी संबंधित व्यक्तियों को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। धारा 7 सजा संबंधी प्रावधानों की व्याख्या करती है।

एफआईआर में 12 व्यक्तियों के नाम हैं और इसमें 100 से 150 अज्ञात व्यक्तियों के नाम भी शामिल हैं, जिनके शामिल होने की आशंका है। मीडिया रिपोर्टों से पता चलता है कि अधिकांश प्रदर्शनकारी उत्तर प्रदेश और बिहार के थे।

आरजेडी की दो प्रवक्ताओं के खिलाफ FIR

नोएडा पुलिस ने आरजेडी की दो प्रवक्ताओं प्रियंका भारती और कंचना यादव के खिलाफ कथित तौर पर भ्रामक वीडियो साझा करने और उन्हें नोएडा की घटनाओं से गलत तरीके से जोड़ने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने कहा कि इस तरह की सामग्री के प्रसार से शहर के विभिन्न हिस्सों में भय और अविश्वास का माहौल बना।

गलत सूचना फैलाने के आरोप

अधिकारियों के अनुसार, पुलिस की छवि खराब करने के इरादे से सुनियोजित तरीके से वीडियो साझा किए गए थे। आरोपियों पर भ्रामक जानकारी फैलाकर और भड़काऊ सूचनाओं के माध्यम से जनता को उकसाकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने का आरोप है।

लागू किए गए कानूनी प्रावधान

यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(1)(बी) के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 और 66डी के तहत दर्ज किया गया है। ये प्रावधान झूठी सूचना फैलाने और ऑनलाइन अपराधों से संबंधित हैं।

एफआईआर में नामित व्यक्ति

एफआईआर में वीडियो प्रसारित करने से जुड़े दो व्यक्तियों के नाम भी शामिल हैं। जितेंद्र कुमार दौसा ने कथित तौर पर फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें एक व्यक्ति को पीटा जा रहा था और दावा किया था कि यह नोएडा का है। हालांकि, पुलिस जांच में पता चला कि वीडियो वास्तव में मध्य प्रदेश के शाहडोल का है।

एक अन्य आरोपी, जो @ItsKtyni नाम से ट्विटर हैंडल चला रहा था। उसने एक वीडियो साझा किया जिसमें दावा किया गया था कि नोएडा के सेक्टर-62 में आगजनी की घटना हुई है। पुलिस ने पाया कि वीडियो पूरी तरह से फर्जी था और किसी अन्य स्थान से बनाया गया था।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों ने मनगढ़ंत बातें फैलाकर जनता को भड़काने का प्रयास किया। इस झूठी सूचना से निवासियों में भय और आक्रोश पैदा हुआ जिसके चलते नोएडा के कई इलाकों में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। अधिकारियों ने कहा कि इस स्थिति का कानून व्यवस्था पर गलत प्रभाव पड़ा है। आरोपियों के खिलाफ अफवाहें फैलाने और शांति भंग करने के लिए सख्त कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

नोएडा में कपड़ा उद्योग के श्रमिकों के उग्र प्रदर्शन में किसी संगठित नेटवर्क की संभावित भूमिका होने का अंदेशा है। अधिकारियों ने मंगलवार को खुलासा किया कि पिछले दो दिनों में मैसेजिंग ऐप व्हाट्सऐप पर कई ग्रुप बनाए गए हैं और QR Code स्कैन करके इन्हें श्रमिकों को इनमें शामिल किया जा रहा है।