गोपालगंज/मीरगंज :: जिले में भू-माफियाओं पर एसपी का बड़ी कार्रवाई, चार कुख्यात गिरफ्तार, भू माफिया, गुंडागर्दी खत्म करने आया हूं - SP...
गोपालगंज/मीरगंज, 2 अप्रैल। जिले में भू-माफियाओं का आतंक खत्म करने को लेकर तेज तर्रार पुलिस अधीक्षक ने कमर लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने मुझे काम करने के लिए गोपालगंज भेजा है। गलत करने वाले चाहे कोई भी हो उसपर कार्रवाई करना मेरा पहला काम है।कुचायकोट थाना क्षेत्र के बेलवागांव में हथियार बंद बदमाशों ने फायरिंग कर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार कुख्यात आरोपियों सीवान जिले के बलेथा गांव के भोला पांडेय, दीपक कुमार राम, गुड्डू कुमारऔर नीतीश को गिरफ्तार कर लिया है। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिसअधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी कर उनकी गिरफ्तारी की गई। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह फर्जी दस्तावेज तैयारकर भोले-भाले लोगों की जमीन हड़पने का संगठित अपराध लंबे समय से चला रहा था।
एसपी ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि इस गिरोह को कुचायकोट क्षेत्र के एक बड़े सफेदपोश का संरक्षण प्राप्त था, जिसकी भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
एसपी ने आमलोगों से अपील करते हुए कहा कि जिनकी भी जमीन इस गिरोह द्वारा हड़पी गई है, वे बिना डर के सामने आएं और कुचायकोट थाना या एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
वहीं मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव निवासी जितेंद्र कुमार राय ने कुचायकोट थाने में 1 अप्रैल को आवेदन देकर आरोप लगाया कि वह श्रीमती किरण सिन्हा की जमीन की देखरेख करता है। उक्त जमीन पर गेहूं की फसल लगी हुई थी, जिसे देखने के लिए वह 1 अप्रैल को अपने सहयोगी के साथ पहुंचा था। इसी दौरान भोला पाण्डेय उर्फ राकेश पाण्डेय अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि उनके साथ राहुल तिवारी समेत कई अज्ञात लोग भी मौजूद थे, जो चार मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए थे। सभी के हाथों में हथियार थे।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज करते हुए जमीन छोड़ने का दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी और मौके पर बने पांच कमरों के ताले तोड़कर कब्जा करने की कोशिश की। किसी तरह पीड़ित और उसका सहयोगी अपनी जान बचाकर वहां से भागे।घटना की सूचना पुलिस अधीक्षक को दी गई। उनके निर्देश पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को पकड़ लिया। आवेदन में यह भी बताया गया है कि भोला पाण्डेय पहले से ही भू-माफिया के रूप में चर्चित है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी सूची में भी उसका नाम शामिल बताया गया है।