Headlines
Loading...
वाराणसी में कचहरी के पास 'UGC K बाप' नंबर प्लेट वाली बाइक खड़ी करना पड़ा भारी, पुलिस ने जब्त की बुलेट, कहा बाजीगरी बर्दाश्त नहीं...

वाराणसी में कचहरी के पास 'UGC K बाप' नंबर प्लेट वाली बाइक खड़ी करना पड़ा भारी, पुलिस ने जब्त की बुलेट, कहा बाजीगरी बर्दाश्त नहीं...

वाराणसी, ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सड़क पर टशन दिखाना एक युवक को भारी पड़ गया। कैंट थाना क्षेत्र में पुलिस ने गश्त के दौरान एक ऐसी बुलेट मोटरसाइकिल को कब्जे में लिया है, जिसकी नंबर प्लेट पर नंबर की जगह UGC K बाप लिखा हुआ था। पुलिस ने इस विवादित नंबर प्लेट वाली बाइक को जब्त कर लिया है और मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गश्त के दौरान पकड़ी गई बाइक यह पूरी घटना वाराणसी के विकास भवन के पास की है। कैंट थाना प्रभारी शिवकांत मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम इलाके में नियमित गश्त और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक रॉयल एनफील्ड बुलेट ने पुलिस का ध्यान खींचा। जब पुलिस पास पहुंची, तो देखा कि उस पर रजिस्ट्रेशन नंबर के बजाय एक आपत्तिजनक और विवादास्पद संदेश लिखा था।

कौन है बाइक का मालिक? पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि यह बुलेट कृतिभान मणि त्रिपाठी नाम के व्यक्ति की है। वह वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र के उमरहा का रहने वाला है। मिली जानकारी के अनुसार, कृतिभान नगर निगम में संविदा कर्मचारी (contract worker) के रूप में कार्यरत है।

पुलिस की सख्त कार्रवाई कैंट पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों के अनुसार वाहनों पर नंबर प्लेट की जगह कुछ भी और लिखना गैरकानूनी है। वाहनों पर जाति, धर्म, पद या कोई भी स्टाइलिश स्लोगन लिखना यातायात नियमों (Motor Vehicles Act) का सीधा उल्लंघन है। पुलिस ने बाइक को सीज कर दिया है और संबंधित धाराओं के तहत मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। कैंट पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन हर नागरिक के लिए अनिवार्य है। स्टेटस सिंबल के नाम पर नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

चर्चा का विषय बनी नंबर प्लेट वाराणसी में यह घटना स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। अक्सर देखा जाता है कि युवा अपनी पहचान बताने या रौब झाड़ने के लिए नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ करते हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए संदेश दिया है कि नंबर प्लेट पर किसी भी तरह की बाजीगरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।