UP में फ्री राशन वितरण की नई तारीखें जारी, 8 मई तक मिलेगा अनाज; रात 9 बजे तक मिलेगा लाभ...
लखनऊ राज्य ब्यूरो। उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा गरीबों के लिए इस महीने रसोई तक राशन पहुंचाने के लिए बड़ी मुहिम छेड़ी है। महीने की तारीख को बताते हुए सरकार के द्वारा खाद्य विभाग को दिशा निर्देश जारी किए हैं। जिससे गरीबों की रसोई तक मुफ्त में राशन पहुंच सके। इसको लेकर तिथि और समय भी निर्धारित कर दिया गया है।
इस आदेश से गरीब और असहाय परिवारों को मजबूती मिलेगी, कड़कती धूप में मजदूर वर्ग मेहनत करने में परेशान है। जिसको लेकर सरकार के द्वारा गरीबों को घर बैठे राशन देने का इस महीने से सफल शुरुआत करते हुए मदद का पिटारा खोला है. जिसमें आयुक्त, खाद्य एवं रसद विभाग, उ०प्र०, लखनऊ के निर्देशानुसार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत मई 2026 से जिले में 24 अप्रैल से 08 मई 2026 तक निःशुल्क राशन वितरण कराया जाएगा।
सुबह छह बजे से रात 9 बजे तक होगा वितरण
यह जानकारी जिला पूर्ति अधिकारी सत्यवीर सिंह ने देते हुए बताया कि शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी उचित दर दुकानों पर प्रतिदिन प्रातः 06 बजे से रात्रि 09 बजे तक वितरण सुनिश्चित कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अन्त्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 21 किलोग्राम गेहूं एवं 14 किलोग्राम चावल, कुल 35 किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क प्रदान किया जाएगा। वहीं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 03 किलोग्राम गेहूं एवं 02 किलोग्राम चावल, कुल 05 किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क वितरित किया जाएगा।
क्या कहते हैं अधिकारी ?
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि 'वन नेशन वन राशन कार्ड' योजना के अंतर्गत पोर्टेबिलिटी सुविधा लागू रहेगी, जिससे कार्डधारक किसी भी जनपद या अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी उचित दर दुकान से राशन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वितरण की अंतिम तिथि 08 मई निर्धारित है. अंतिम दिन ऐसे उपभोक्ता जो आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त नहीं कर पाएंगे, उन्हें मोबाइल ओटीपी वेरीफिकेशन के जरिए राशन उपलब्ध कराया जाएगा।
सत्यवीर सिंह ने सभी उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि वे दुकानें समय से खोलें, पर्याप्त प्रचार-प्रसार करें और निर्धारित मात्रा में शत-प्रतिशत निःशुल्क वितरण सुनिश्चित करें. यदि किसी लाभार्थी को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न न मिले या कोई असुविधा हो, तो वह संबंधित उप जिलाधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अथवा शिकायत प्रकोष्ठ के मोबाइल नंबर 7938564608 पर शिकायत दर्ज करा सकता है।
कार्डधारक केवाईसी कराएं समय रहते
उन्होंने यह भी अपील की कि जिन कार्डधारकों की यूनिट का केवाईसी शेष है, वे शीघ्र पूर्ण कर लें, अन्यथा यूनिट निरस्त की जा सकती हैं। साथ ही जिन परिवारों में विवाह या मृत्यु के कारण नाम संशोधन आवश्यक है, वे नियमानुसार ऑनलाइन व ऑफलाइन आवेदन कर उसे अद्यतन कराएं. जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि यह व्यवस्था पारदर्शिता एवं सुचारू वितरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू की गई है, जिससे प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक समय से खाद्यान्न पहुंच सके।