Headlines
Loading...
कैंचीधाम जा रहा था पूरा परिवार, सौ मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 5 लोगों की हुई दर्दनाक मौत,  लखनऊ के थे यात्री...

कैंचीधाम जा रहा था पूरा परिवार, सौ मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 5 लोगों की हुई दर्दनाक मौत, लखनऊ के थे यात्री...

यूपी/उत्तराखंड, ब्यूरो। नैनीताल जिले के भवाली क्षेत्र में आज गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई। सेनिटोरियम-रातीघाट बाईपास सड़क पर ढैला गांव के पास यूपी नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, UP 32 QU 1874 नंबर की कार भवाली से रातीघाट की ओर जा रही थी। इसी दौरान ढैला गांव के समीप अचानक वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे वाली जगह घने जंगल के बीच होने के कारण दुर्घटनाग्रस्त वाहन काफी देर तक किसी की नजर में नहीं आया।

रेस्क्यू टीम डेढ़ घंटे बाद पहुंची

कुछ समय बाद स्थानीय लोगों की नजर खाई में गिरी कार पर पड़ी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग मौके के लिए रवाना हुए। दुर्गम क्षेत्र और खाई की गहराई के कारण रेस्क्यू टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगा।

रेस्क्यू टीम जब मौके पर पहुंची तो कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली। वाहन में सवार पांचों लोगों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद शवों को खाई से बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया।
यूपी के बताए जा रहे पर्यटक

घटना की सूचना मिलते ही एसपी क्राइम नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा, सीओ रविकांत सेमवाल, कोतवाल प्रकाश मेहरा समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एसडीआरएफ की टीम भी राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रही। सूत्रों के अनुसार, मरने वाले यूपी के बताए जा रहे हैं।

फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर मृतकों के परिजनों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सेनिटोरियम-रातीघाट बाईपास सड़क पर कई जगह तीखे मोड़ और गहरी खाइयां हैं, जिससे यहां अक्सर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।