ऑरेंज कैप रेस में विराट कोहली की बड़ी छलांग पाटीदार तूफानी पारी के बावजूद टॉप-10 से हुए बाहर; सूर्यवंशी को हुआ बड़ा नुकसान...
IPL 2026 Orange Cap List: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच आईपीएल 2026 का क्वालीफायर-1 खेला गया। आरसीबी ने मंगलवार को जीटी को 92 रनों से धूल चटाकर फाइनल में कदम रखा। डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी ने धर्मशाला के मैदान पर 254/4 का ऐतिहासिक स्कोर खड़ा किया। यह आईपीएल प्लेऑफ में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया 254 रन सबसे बड़ा स्कोर है।
इसके जवाब में गुजरात की टीम 19.3 ओवर में 162 रनों पर ऑलआउट हो गई। आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने ऑरेंज कैप की रेस में बड़ी छलांग लगाई है। वह पांच पायदान चढ़कर चौथे पर पहुंच गए हैं। उन्होंने जीटी के खिलाफ 25 गेंदों में 43 रनों का योगदान दिया, जिसमें पां चौके और एक छक्का है। कोहली ने अब तक 15 मैचों में 50.00 के औसत से 600 रन जुटाए हैं। वह सीजन में 600 का आंकड़ा छूने वाले चौथे प्लेयर हैं।
पाटीदार तूफानी पारी के बावजूद टॉप-10 से बाहर
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने क्वालीफायर-1 में नाबाद 93 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्होंने 33 गेंदों का सामने करने के बाद पांच चौके और 9 छक्के जमाए। वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। हालांकि, तूफानी पारी के बावजूद पाटीदार ऑरेंज कैप की टॉप-10 लिस्ट में जगह नहीं बना पाए। वह सात स्थान की छलांग लगाकर 14वें पर आ गए हैं। पाटीदार ने 14 मुकाबलों में 486 रन जुटाए हैं, जिसमें 44.18 का औसत रहा। राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी को एक स्थान का नुकसान झेलना पड़ा है। वह छठे पायदान पर खिसक गए हैं। 15 वर्षीय सूर्यवंशी ने 14 मैचों में 41.64 के औसत से 583 रन जोड़े हैं। उनके पास आज लिस्ट में आगे बढ़ने का मौका होगा। बुधवार को राजस्थान की एलिमिनेटर मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) से भिड़ंत होगी। यह मुकाबला मुल्लांपुर के मैदान पर आयोजित होगा।
शुभमन गिल और साई सुदर्शन टॉप-2 में बरकरार
गुजरात टाइटंस के ओपनर साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल टॉप-2 में बरकरार हैं। दोनों आरसीबी के विरुद्ध फ्लॉप रहे। सुदर्शन ने 9 गेंदों में तीन चौकों के जरिए 14 रन बनाए। उनके पास फिलहाल ऑरेंज कैप है। सुदर्शन के बल्ले से 14 मैचों में 46.57 के औसत से 652 रन निकले हैं। गिल ने मैच में 7 गेंदों में महज दो रन बनाए। वह दूसरे स्थान पर हैं। जीटी कैप्टन ने 14 मैचों में 618 रन बटोरे हैं। उनका औसत 44.14 का रहा। जीटी अब 29 मई को दूसरे क्वालीफायर में उतरेगी। गुजरात की एलिमिनेटर के विजेता से भिड़ंत होगी और जीतने वाली टीम की फाइनल में आरसीबी से टक्कर होगी। खिताबी मुकाबला 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।