ये 15 साल के महा-जंगलराज का है नतीजा. PA की हत्या पर सुवेंदु, कहा- BJP सब ठीक करेगी..
BJP नेता सुवेंदु अधिकारी ने अपने करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या किए जाने को 'बेरहमी से की गई हत्या' बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना जिले में इस हमले को अंजाम देने से पहले हत्यारों ने इलाके की रेकी की थी।
विधानसभा चुनाव के नतीजों के 48 घंटों के भीतर ही एक चौंकाने वाली घटना सामने आई. सुवेंदु अधिकारी के कार्यकारी सहायक चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात मध्यमग्राम में एक हमले में गोली मारकर हत्या कर दी गई।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मोटरसाइकिल पर सवार हमलावरों ने रात करीब 10:30 बजे मध्यमग्राम के डोलतला के पास रथ की गाड़ी को रोका, उसे रुकने पर मजबूर किया और फिर बेहद करीब से गोलीबारी करने के बाद वहां से फरार हो गए.'हमारे पास शब्द नहीं है।'
सुवेंदु ने कहा कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. हम गहरे शोक में हैं और इस घटना की निंदा करने के लिए हमारे पास शब्द नहीं हैं. दिल्ली से हमारे पूरे नेतृत्व ने इस बारे में जानकारी ली है. केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने (मृतक के) परिवार और पुलिस से बात की है. कई नेता और चुने हुए विधायक अपने-अपने क्षेत्रों से यहां आए हैं. पुलिस को कुछ सबूत मिले हैं और वे जांच करेंगे. उन्होंने कहा कि ये 15 साल के 'महा-जंगलराज' का नतीजा है. BJP यहां गुंडों की सफाई का काम शुरू करेगी।
हत्या पर टीएमसी ने क्या कहा?
टीएमसी ने एक बयान में कहा, हम मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की हत्या की कड़ी निंदा करते हैं। साथ ही पिछले तीन दिन में बीजेपी समर्थित उपद्रवियों द्वारा चुनाव बाद की हिंसा की कथित घटनाओं में तीन टीएमसी कार्यकर्ताओं की हत्या की भी निंदा करते हैं। ये घटनाएं ऐसे समय हुई हैं जब राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हैं।
पार्टी ने कहा, हम इस मामले में अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच सहित कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं ताकि जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उन्हें बिना किसी देरी के न्याय के कटघरे में लाया जा सके. टीएमसी ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा और राजनीतिक हत्याओं का कोई स्थान नहीं है और दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए।
क्या है पूरा मामला?
सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक की बुधवार रात कोलकाता के उत्तरी बाहरी इलाके में अज्ञात हमलावरों ने गोली मार कर हत्या कर दी।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम आने के कुछ ही घंटे के भीतर हुई इस घटना पर तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आईं हैं और क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है।
यह घटना उत्तरी 24 परगना जिले में मध्यमग्राम क्षेत्र के दोहरिया में हुई, जहां सुवेंदु अधिकारी के सहायक चंद्रनाथ रथ पर हमला किया गया. बाइक पर सवार लोगों ने उन्हें करीब से गोली मार दी।
जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने रथ की कार का पीछा किया, उसे रोका और उन पर गोली चला दी। हमला करने के तुरंत बाद हमलावर फरार हो गए. रथ ड्राइवर के बगल में आगे की सीट पर बैठे थे।
रथ के ड्राइवर को भी गोली लगी और उन्हें कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। गोलीबारी में रथ गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।