Headlines
Loading...
'हर 18 मिनट में बलात्कार का केस :: 2024 में महिलाओं के खिलाफ 4.4 से ज्यादा थे अपराध,' डराती है NCRB की रिपोर्ट...

'हर 18 मिनट में बलात्कार का केस :: 2024 में महिलाओं के खिलाफ 4.4 से ज्यादा थे अपराध,' डराती है NCRB की रिपोर्ट...

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में वर्ष 2024 के दौरान कुल संज्ञेय अपराधों में कमी दर्ज की गई है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 2024 में देशभर में 58.8 लाख संज्ञेय अपराध दर्ज हुए, जबकि 2023 में यह संख्या 62.4 लाख थी। यानी कुल अपराधों में करीब 6 प्रतिशत की गिरावट आई है।

रिपोर्ट के अनुसार, हत्या के मामलों में भी 2.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। वहीं प्रति लाख आबादी पर अपराध दर 2023 के 448.3 से घटकर 2024 में 418.9 हो गई।

महिलाओं के खिलाफ अपराधों की तस्वीर

महिलाओं के खिलाफ अपराधों में भी मामूली गिरावट देखने को मिली है। 2024 में महिलाओं के खिलाफ 4,41,534 मामले दर्ज किए गए, जबकि 2023 में यह संख्या 4,48,211 थी। महिलाओं के खिलाफ अपराध की दर भी घटकर प्रति लाख महिला आबादी पर 64.6 रह गई, जो 2023 में 66.2 थी।

एनसीआरबी के आंकड़ों के मुताबिक, देश में औसतन हर घंटे महिलाओं के खिलाफ करीब 50 मामले दर्ज हुए। वहीं दुष्कर्म का एक मामला हर 18 मिनट में दर्ज किया गया।

महिलाओं के खिलाफ अपराध

रिपोर्ट में बताया गया है कि 2024 में महिलाओं के खिलाफ सबसे ज्यादा मामले पति या रिश्तेदारों द्वारा क्रूरता के रहे। ऐसे कुल 1,20,227 मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा महिलाओं के अपहरण और किडनैपिंग के 67,829 मामले तथा पॉक्सो एक्ट के तहत 67,809 मामले दर्ज हुए।

महिलाओं की मर्यादा भंग करने की नीयत से हमले के 48,303 मामले सामने आए। वहीं दुष्कर्म के 29,536 मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा यौन उत्पीड़न के 15,609, महिलाओं की मर्यादा का अपमान करने के 9,241 और कपड़े उतारने की नीयत से हमले के 8,409 मामले दर्ज हुए।

दुष्कर्म के सबसे ज्यादा मामले किन राज्यों में

रिपोर्ट के अनुसार, दुष्कर्म के मामलों में राजस्थान सबसे ऊपर रहा, जहां 4871 मामले दर्ज हुए। इसके बाद उत्तर प्रदेश में 3209, महाराष्ट्र में 3091, मध्य प्रदेश में 3061 और हरियाणा में 1391 मामले दर्ज किए गए। एनसीआरबी आंकड़ों में यह भी कहा गया है कि अधिक आबादी वाले राज्यों में कुल मामलों की संख्या स्वाभाविक रूप से ज्यादा हो सकती है।

वहीं राज्य विरोधी अपराधों में 6.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 2024 में ऐसे 5194 मामले सामने आए, जबकि 2023 में इनकी संख्या 4873 थी। दूसरी ओर आर्थिक अपराधों में भी 4.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई और 2024 में ऐसे 2.14 लाख मामले दर्ज किए गए, जबकि 2023 में यह संख्या 2.04 लाख थी।

भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में मामूली गिरावट देखने को मिली। राज्य एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा 2024 में 4053 मामले दर्ज किए गए, जबकि 2023 में 4069 मामले दर्ज हुए थे।