वाराणसी संदहा चौराहे के पास अवैध रूप से चल रही बालू मंडी पर बुधवार को प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 22 ट्रक व 46 ट्रैक्टर हुए सीज...
वाराणसी, चिरईगांव। संदहा चौराहे के पास अवैध रूप से चल रही बालू मंडी पर बुधवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। 22 ट्रक और 46 ट्रैक्टर ट्राली सीज कर दिया गया। कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
उपजिलाधिकारी सदर नितिन सिंह, एसीपी विदुष सक्सेना, खनन अधिकारी प्रशांत ने राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के साथ बुधवार दोपहर बाद बालू मंडी में छापेमारी की। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
वहां बड़ी संख्या में बालू लदे ट्रक और ट्रैक्टर खड़े मिले। जांच में कई वाहन बिना वैध प्रपत्रों के तथा नियमों के विपरीत पाए गए। संयुक्त टीम ने 68 वाहनों को सीज कर पुलिस अभिरक्षा में खड़ा करा दिया। कार्रवाई के दौरान कई वाहन चालक भाग गए।
एसीपी विदुष सक्सेना ने मीडिया को बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं उन्होंने बताया कि आरटीओ और परिवहन विभाग के अधिकारी भी कार्रवाई में शामिल रहे।
वहीं एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने भी रामनगर थाना क्षेत्र में गिट्टी, बालू लदे 36 ओवरलोडेड ट्रैकों को पकड़ कर सीज कराया।