कौन हैं ये 23 साल के Tushar Kumar, जो बने ब्रिटेन के सबसे युवा मेयर? छात्र राजनीति से शुरू सफर करके अब रचा इतिहास...
Who is Britain Youngest Mayor Tushar Kumar: ब्रिटेन में बसे भारतीय समुदाय की राजनीति में पकड़ लगातार बढ़ती जा रही है। अब वहां पर 23 वर्षीय युवा ने मेयर पद पर कब्जा करके अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस उपलब्धि के साथ वह ब्रिटेन के सबसे युवा भारतीय मूल के मेयर बन गए हैं। यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारतवंशी का नाम तुषार कुमार है। वे पूर्वी इंग्लैंड के एल्स्ट्री एंड बोरहमवुड टाउन काउंसिल के मेयर बने हैं।
'सबसे कम उम्र का मेयर बनना सम्मान की बात'
तुषार कुमार ने किंग्स कॉलेज लंदन से राजनीति विज्ञान की पढ़ाई की थी। वे वर्ष 2023 में लेबर पार्टी के काउंसिलर के रूप में चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने उप-मेयर का पद संभाला। पिछले सप्ताह आयोजित एक भव्य समारोह में उन्हें औपचारिक रूप से मेयर की जिम्मेदारी सौंपी गई। समारोह को संबोधित करते हुए तुषार कुमार ने कहा, '23 वर्ष की आयु में ब्रिटेन के इतिहास में सबसे युवा भारतीय मूल का मेयर बनना मेरे लिए बड़ा सम्मान है।'
इस मौके पर तुषार ने पिछले मेयर डैन ओजारोव का आभार व्यक्त किया और साथ ही नई डिप्टी मेयर काउंसिलर लिंडा स्मिथ का स्वागत किया। तुषार ने कहा, 'मैं समुदाय के बीच रहकर सक्रिय रूप से सेवा करना चाहता हूं, स्थानीय संगठनों और चैरिटीज को समर्थन देना चाहता हूं तथा युवाओं को सार्वजनिक सेवा में शामिल होने के लिए प्रेरित करना चाहता हूं।'
कौन हैं तुषार कुमार?
तुषार कुमार छात्र जीवन में काउंसिलर चुने गए। किंग्स कॉलेज की सिविक लीडरशिप एकेडमी ने उनकी नेतृत्व क्षमता को निखारा। वे युवा सशक्तिकरण, शिक्षा और समावेशी समुदाय निर्माण के प्रबल समर्थक हैं। वे बुकमार्क रीडिंग चैरिटी के जरिए साक्षरता अभियान चलाते हैं। इसके साथ ही वे स्वयंसेवी कार्य और समुदाय कार्यक्रमों का आयोजन भी करते हैं।
अपने मेयर कार्यकाल के लिए उन्होंने फूड सपोर्ट चैरिटी को चुना है, जो जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराती है। तुषार का मानना है कि स्थानीय काउंसिल ने उन्हें सुनने, प्रतिनिधित्व करने और कार्रवाई करने का मंच दिया, जिसे वे पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे।
ब्रिटेन में बढ़ रही भारतीय समुदाय की धमक
ब्रिटेन में भारतीय मूल के युवा अब स्थानीय राजनीति में सक्रिय हो रहे हैं। तुषार कुमार की सफलता उन हजारों भारतीय छात्रों और युवाओं के लिए प्रेरणा है जो विदेश में रहकर भी अपनी जड़ों को जोड़े रखना चाहते हैं और समाज की सेवा करना चाहते हैं। मेयर पद पर पारंपरिक "चेन ऑफ ऑफिस" के साथ तुषार अब समुदाय और काउंसिल के बीच पुल का काम करेंगे। उनकी नियुक्ति न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि ब्रिटेन में भारतीय समुदाय की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता और युवा नेतृत्व की नई लहर का प्रतीक भी है।