आज यूपी स्वास्थ्य विभाग में हुआ बड़ा फेरबदल, वाराणसी, गाजियाबाद, हापुड और कानपुर समेत 23 जिलों में नए सीएमओ तैनात...
लखनऊ, ब्यूरो। उत्तर प्रदेश शासन के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में तबादला नीति के आखिरी दिन, यानी 31 मई को एक बहुत बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। विभागीय तबादलों की समयसीमा समाप्त होने से ठीक पहले शासन ने प्रदेश के 23 जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (CMO) का ट्रांसफर कर दिया है।चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव रवि रंजन की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के मुताबिक, इन सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनातियों पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
हाई-प्रोफाइल जिलों में हुई नई तैनातियां
इस फेरबदल के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी और दिल्ली से सटे हाई-प्रोफाइल जिले गाजियाबाद समेत कई महत्वपूर्ण जनपदों में नए चेहरों को कमान सौंपी गई है।
नए आदेश के अनुसार, डॉ. मुकेश कुमार को वाराणसी के सीएमओ की अत्यंत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है, जबकि डॉ. सचिन चन्द्र वैश्य अब गाजियाबाद के नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी होंगे। वहीं औद्योगिक नगरी कानपुर की कमान डॉ. अवधेश कुमार यादव को सौंपी गई है। वहीं डॉ. नीरज त्यागी को जिले से हटाकर संयुक्त निदेशक (ज्वाइंट डायरेक्टर) बनाकर आगरा भेजा गया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव रवि रंजन के अनुसार स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से किए गए हैं। सभी नवनियुक्त अधिकारियों को अपने तैनाती स्थलों पर तुरंत कार्यभार ग्रहण करने को कहा गया है।
कहां मिली किसे नई जिम्मेदारी?
शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार प्रदेश के अलग-अलग अंचलों में तैनात किए गए मुख्य चिकित्सा अधिकारियों में डॉ. मुकेश कुमार वाराणसी, डॉ. सचिन चन्द्र वैश्य गाजियाबाद, डॉ. अवधेश कुमार यादव कानपुर, डॉ. रंजन गौतम बाराबंकी, डॉ. अजय कुमार शर्मा उन्नाव, डॉ. हरिनंदन प्रसाद जालौन, डॉ. रमेश कुमार मिश्रा सोनभद्र, डॉ. अभय नारायण राय बलिया, डॉ. अल्का शुक्ला हमीरपुर, डॉ. उदयभान सिंह फतेहपुर, डॉ. किशोर कुमार आहूजा हापुड़ डॉ. गंगाराम गौतम जौनपुर, डॉ. पंकज कुमार मऊ, डॉ. प्रमोद कुमार अंबेडकरनगर, डॉ. भुवन चन्द्र पन्त पीलीभीत, डॉ. रमाकान्त सागर अमरोहा, डॉ. रामनाथ सिंह अलीगढ़, डॉ. विकास चन्द्रा कन्नौज के नए सीएमओ होंगें। डॉ. विकास शर्मा बदायूं डॉ. विनय कुमार महोबा डॉ. वेद प्रकाश हाथरस, डॉ. सुखरंजन समदर सीतापुर के सीएमओ बनाए गये हैं।
स्वास्थ्य महकमे में रही भारी हलचल
इस तबादला नीति के तहत 31 मई को विभागीय स्तर पर फेरबदल की आखिरी तारीख होने के कारण रविवार को दिनभर स्वास्थ्य निदेशालय से लेकर शासन के गलियारों तक भारी गहमागहमी बनी रही। देर शाम सूची सार्वजनिक होने के बाद कई वरिष्ठ डॉक्टरों को फील्ड पोस्टिंग मिली है, तो कई को जिला मुख्यालयों से हटाकर मुख्यालय स्तर पर संबद्ध किया गया है। शासन का मानना है कि इस प्रशासनिक सर्जरी से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।