सास के अंतिम संस्कार के समय सरयू किनारे से दामाद को खींच ले गया मगरमच्छ, 24 घंटे बाद आज दोपहर मिला शव...
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में सरयू तट पर अंतिम संस्कार के वक्त मगरमच्छ का शिकार बने युवक का शव मौके से करीब दो किमी दूर गुरुवार को मिला है। 24 घंटे के बाद शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मचा। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के सोनौली मोहम्मदपुर उदयभान पाही के पास सरयू नदी में सास उर्मिला देवी के दाह संस्कार में शामिल होने ग्रेटर नोएडा से आए एक युवक को स्नान के दौरान मगरमच्छ ने पानी में खींच लिया था। जानकारी के अनुसार सिग्मा परी चौक ग्रेटर नोएडा निवासी दीपक (30 वर्ष) की शादी लगभग 7 वर्ष पूर्व उमरी निवासी लालचंद शर्मा पुत्र बाबूलाल शर्मा की पुत्री रेखा से हुई थी। दंपति की एक चार वर्षीय मासूम पुत्री भी है।
मगरमच्छ ने अचानक दीपक पर हमला कर उसे पानी के भीतर खींच लिया था
बताया जाता है कि दीपक एक निजी कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। परिजनों के अनुसार दीपक खुद कार चलाकर बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे नोएडा से अपनी सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने आया था। दाह संस्कार के बाद परिवार और रिश्तेदार सरयू नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान नदी में मौजूद मगरमच्छ ने अचानक दीपक पर हमला कर उसे पानी के भीतर खींच लिया था।
युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते दीपक गहरे पानी में समा गया और कुछ ही देराें में आंखों से ओझल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए युवक की तलाश शुरू कर दी और काफी देर तक पानी में खोजबीन करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। युवक का शव नहीं मिलने पर प्रशासन ने एसडीआरएफ टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने कई घंटों तक गहरे पानी में सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद किया गया।
युवक की लाश मिलने के बाद उसके परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है। प्रभारी निरीक्षक चंदन कुमार ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।