चौबेपुर भंदहा कला में समर कैंप : बच्चे कहानी, कविता, नाटक, चित्र और कठपुतली में दिखा रहे हैं रूचि..25 मई होगा समापन...
-विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से कुछ नया सीख रहे 40 बच्चे
वाराणसी, 22 मई। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के ग्रामीण अंचल चौबेपुर क्षेत्र के भंदहा कला गांव में संचालित आशा पुस्तकालय एवं अध्ययन केंद्र में आयोजित समर कैंप में बच्चे जहां जमकर मस्ती कर रहे है। वहीं उनके अंदर छुपी सृजनात्मक प्रतिभा भी निखर रही है।
पॉच दिवसीय कैंप के दूसरे दिन शुक्रवार को बच्चों ने कहानी, कविता, नाटक, चित्र, कठपुतली, विज्ञान में भी रूचि दिखाई। बच्चों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भागीदारी के साथ स्वच्छता अभियान जैसी गतिविधियों में भी श्रमदान किया।
सामाजिक संस्था आशा ट्रस्ट के समन्वयक वल्लभाचार्य पाण्डेय ने बताया कि इस समर कैंप में अलग अलग स्थानों पर संचालित शिक्षण केन्द्रों के कुल 40 बच्चे शामिल है।
समर कैंप में कहानी, कविता, नाटक, चित्र, कठपुतली, विज्ञान, स्वच्छता अभियान जैसी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को कुछ नया सीखने सिखाने की कोशिश की जा रही है।
कार्यक्रम संयोजन दीन दयाल सिंह ने बताया कि शिविर रचनात्मक गतिविधियों का एक उत्सव है। जिसमें बच्चों की रचनाशीलता सामने आएगी और उनमे नवाचार के प्रति रुझान बढ़ेगा।
कार्यक्रम का समापन 25 मई को होगा। शिविर के संचालन में प्रदीप सिंह, सौरभ चन्द्र, अमित कुमार, अवनीश पाण्डेय, रमेश प्रसाद, सनी, ब्रिजेश कुमार, अमृता, जेसिका आदि की प्रमुख भूमिका है।