चलो कुछ और रिकॉर्ड तोड़ दो सूर्यवंशी, तुम्हारे पास इसी सीजन के 2 मैच बचे हैं...
27 मई 2026 को मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में वैभव सूर्यवंशी ने जो गदर मचाया, उसे देखकर खुद विरोधी कप्तान पैट कमिंस ने कहा, 'आपके पास वैभव के खिलाफ कोई विकल्प नहीं बचता'.पैट कमिंस दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बॉलर हैं। SRH को एलिमिनेटर में धूल चटाने के बाद वैभव सूर्यवंशी के निशाने पर अब IPL के वो रिकॉर्ड्स हैं, जो दशकों से अटूट माने जाते थे। गुजरात टाइटंस के खिलाफ वैभव का एक मैच तो पक्का है ही और अगर राजस्थान फाइनल में पहुंची, तो एक और मौका मिलेगा. यानी सूर्यवंशी के पास अभी दो मैच और बचे हैं।
रिकॉर्ड 1: क्रिस गेल के छक्कों का साम्राज्य ढहा, अब निशाना विराट का 'माउंट 973'
एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव ने जैसे ही अपना 65वां छक्का लगाया, उन्होंने किसी भी टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के मारने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड 'यूनिवर्स बॉस' क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने साल 2012 के आईपीएल में 456 गेंदें खेलकर 59 छक्के जड़े थे. हैरान करने वाली बात यह है कि वैभव ने यह कारनामा सिर्फ 266 गेंदों के भीतर ही कर दिखाया।
छक्कों के बाद अब रन का सबसे बड़ा एवरेस्ट उनके निशाने पर है. आईपीएल के किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का ऑल-टाइम रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है, जिन्होंने 2016 में 973 रन बनाए थे. उनके बाद शुभमन गिल साल 2023 में 890 रन बनाकर इस आंकड़े के सबसे करीब पहुंचे थे।
वैभव इस समय 680 रन पर खेल रहे हैं. कोहली के इस रिकॉर्ड के लिए उन्हें 294 रन चाहिए, जो दो मैचों के लिहाज से बेहद मुश्किल हैं. लेकिन गिल के 890 रनों के रिकॉर्ड को पार करने के लिए उन्हें सिर्फ 211 रन और बनाने हैं. जिस तरह की फॉर्म में वैभव हैं, दो बड़ी पारियों में यह बिल्कुल मुमकिन नजर आता है।
रिकॉर्ड 2: ऑरेंज कैप- साईं सुदर्शन से सीधे मैदान पर जंग
एलिमिनेटर मैच में खेली गई धमाकेदार पारी के बाद वैभव सूर्यवंशी अब 680 रनों के साथ इस सीजन की ऑरेंज कैप रेस में सबसे आगे निकल चुके हैं. आईपीएल के इतिहास पर नजर डालें तो इस प्रतिष्ठित कैप को सबसे ज्यादा 3 बार जीतने का रिकॉर्ड डेविड वॉर्नर के नाम है, जबकि क्रिस गेल और विराट कोहली ने इसे दो-दो बार अपने नाम किया है. अब क्वालीफायर-2 में ऑरेंज कैप की यह जंग और भी दिलचस्प होने वाली है, क्योंकि वैभव का सीधा सामना गुजरात टाइटंस के सई सुदर्शन से होगा, जो इस सीजन में कमाल की फॉर्म में हैं और रनों का अंबार लगा रहे हैं. अगर वैभव इस नॉकआउट मुकाबले में सुदर्शन को पीछे छोड़ते हुए अपनी बढ़त बनाए रखते हैं, तो वह आईपीएल इतिहास में ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन जाएंगे।
रिकॉर्ड 3: पावरप्ले में रनों की आंधी, वॉर्नर का साम्राज्य खत्म
वैभव ने एलिमिनेटर मैच के पहले 6 ओवरों में ऐसी आतिशबाजी की कि विरोधी गेंदबाज अपनी लाइन-लेंथ ही भूल गए. इस विस्फोटक पारी के दम पर इस सीजन के पावरप्ले में उनके कुल 490 रन हो गए हैं, जो आईपीएल इतिहास के किसी भी एक सीजन के पहले 6 ओवरों में किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है. इस मामले में वैभव ने डेविड वॉर्नर के साल 2016 के 467 रनों के रिकॉर्ड को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है. टूर्नामेंट में अभी मैच बाकी हैं, यानी वैभव इस रिकॉर्ड को एक ऐसे ऊंचे मुकाम पर ले जाने वाले हैं, जहां तक पहुंचना भविष्य के बल्लेबाजों के लिए एक बहुत बड़ी और कड़ी चुनौती होने वाला है।
रिकॉर्ड 4: 242.85 का स्ट्राइक रेट- टी20 क्रिकेट के नए 'किंग'
इसे सिर्फ स्ट्राइक रेट नहीं, बल्कि गेंदबाजों की तबाही कहिए! इस सीजन में वैभव का ओवरऑल स्ट्राइक रेट 242.85 का रहा है और वे अब तक 680 रन कूट चुके हैं. वह दुनिया के इकलौते ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिसने किसी भी टी20 टूर्नामेंट में 600 से ज्यादा रन 200 या उससे अधिक के स्ट्राइक रेट से बनाए हों. इससे पहले साल 2022 के टी20 ब्लास्ट में राइले रोसो इसके सबसे करीब पहुंचे थे, जिन्होंने 192.28 के स्ट्राइक रेट से 623 रन बनाए थे. अगर अगले दो मैचों में भी वैभव का यह गदर जारी रहा, तो वह इस रिकॉर्ड को एक ऐसे जादुई आंकड़े पर पहुंचा देंगे, जिसे पार करने के लिए दुनिया के बड़े-बड़े दिग्गजों को भी एड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ेगा।
रिकॉर्ड 5: गेल के महा-रिकॉर्ड से चूके, पर खौफ बरकरार!
एलिमिनेटर मैच में वैभव थोड़े बदकिस्मत रहे कि सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन बनाकर आउट हो गए और महज 3 रन से अपने पहले शतक से चूक गए. क्रिस गेल के नाम आईपीएल में सबसे तेज 30 गेंदों में शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है, और वैभव इस महा-रिकॉर्ड की बराबरी करने से सिर्फ एक कदम दूर रह गए. लेकिन सोचिए, महज 15 साल का यह लड़का जिस खूंखार अंदाज में बल्लेबाजी कर रहा है, उसे देखकर विरोधी टीमें पूरी तरह खौफ में हैं. वैभव की इस फॉर्म को देखकर तो यही लगता है कि आने वाले मैचों में 'यूनिवर्स बॉस' का यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अब ज्यादा दिनों तक सुरक्षित नहीं रहने वाला है।