Headlines
Loading...
अंबेडकरनगर में महिला ने ईंट मारकर अपने ही 4 नाबालिग बच्चों को उतारा मौत के घाट...

अंबेडकरनगर में महिला ने ईंट मारकर अपने ही 4 नाबालिग बच्चों को उतारा मौत के घाट...

बड़ी खबर :: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मीरानपुर मोहल्ले में एक महिला पर आरोप है कि उसने निर्ममता की सारी सीमाएं लांघते हुए अपने ही चार मासूम बच्चों की ईंट से हमला कर हत्या कर दी.वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला मौके से फरार हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया. मौके पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. साथ ही, फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया, ताकि घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए जा सकें. पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है और फरार महिला की तलाश तेज कर दी गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जिस घर में यह भयावह घटना हुई, उसका दरवाजा बंद मिला और बच्चों की मां वहां मौजूद नहीं थी. ऐसे में पुलिस को इस बात का संदेह है कि इस जघन्य अपराध के पीछे उसी महिला का हाथ हो सकता है. हालांकि, अभी तक पुलिस ने आधिकारिक तौर पर किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मृत बच्चों के पिता नियाज नामक व्यक्ति हैं, जो मूल रूप से महरुआ क्षेत्र के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से सऊदी अरब में काम कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी अपने चारों बच्चों के साथ मीरानपुर में रह रही थी. इस घटना के पीछे पारिवारिक तनाव की भी आशंका जताई जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि नियाज ने विदेश में रहते हुए दूसरी शादी कर ली थी, जिससे परिवार में तनाव पैदा हो गया था. इसी को लेकर यह कयास लगाए जा रहे हैं कि मानसिक दबाव या घरेलू विवाद के चलते महिला ने इतना खौफनाक कदम उठाया होगा. हालांकि, पुलिस इन सभी अटकलों पर अभी कोई स्पष्ट टिप्पणी करने से बच रही है।

पुलिस अधिकारियों का क्या कहना है?

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है. फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. साथ ही, फरार महिला की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

इस घटना ने न सिर्फ स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है, बल्कि समाज के सामने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं. चार मासूम बच्चों की इस तरह बेरहमी से हत्या ने हर किसी को भीतर तक हिला दिया है. लोग इस बात को लेकर भी चिंतित हैं कि आखिर किन परिस्थितियों में एक मां इतना भयावह कदम उठा सकती है।

फिलहाल पुलिस का पूरा ध्यान आरोपी महिला को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और इस रहस्यमयी घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाने पर है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इस दिल दहला देने वाले अपराध के पीछे असली वजह क्या थी।