वाराणसी :: पड़ाव से डोमरी तक फोरलेन सड़क बनेगी, 5.2 किलोमीटर लम्बी इस सड़क की होगी चौड़ाई 18 मीटर, वर्तमान में है साढ़े 3 मीटर...
वाराणसी। अब पड़ाव से डोमरी तक फोरलेन सड़क बनेगी। 5.2 किलोमीटर लम्बी इस सड़क की चौड़ाई 18 मीटर होगी। सड़क चौड़ीकरण पर 250 करोड़ लागत आएगी। लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) इस परियोजना का एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय को भेज दिया है।
ग्रामीण सड़क का चौड़ीकरण
फिलहाल पड़ाव से डोमरी तक ग्रामीण सड़क (विलेज रोड) है। अभी इसकी चौड़ाई 3 से 3.5 मीटर है। अब इसको चौड़ी करने का एस्टीमेट तैयार किया गया है। फोरलेन होने वाली यह रोड 9-9 मीटर चौड़ी होगी। बीच में न्यूजर्सी डिवाइडर बनाए जाएंगे। डिवाइडर नीचे की ओर 50 से 55 सेंटीमीटर तथा ऊपर की तरफ 20 सेमी चौड़े होंगे। बारिश के पानी की निकासी के लिए आबादी वाले हिस्से में ड्रेन भी बनाए जाएंगे।
पीडब्ल्यूडी का बयान
इस सम्बंध में पीडब्ल्यूडी (प्रांतीय खंड) के अधिशासी अभियंता केके सिंह का कहना है कि एस्टीमेट भेजा गया है। मुख्यालय से स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर आदि की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि लागत में भूमि अधिग्रहण के तहत दिया जाने वाला मुआवजा भी शामिल है।
वाहनों का दबाव कम होगा
पड़ाव से डोमरी तक फोरलेन सड़क बनने से पड़ाव-टेंगरा मोड़ मार्ग पर वाहनों का दबाव काफी कम हो जाएगा। यह मार्ग पड़ाव से शुरू होकर डोमरी होते हुए आगे जाकर पड़ाव-टेंगरा मोड़ फोरलेन रोड से जुड़ा है। इस मार्ग के चौड़ा होने से पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर से पड़ाव और प्रयागराज, मिर्जापुर, शक्तिनगर से टेंगरा मोड़ होकर आने वाले वाहनों को एक वैकल्पिक मार्ग भी मिल जाएगा।