Headlines
Loading...
ठाकुर बांकेबिहारी को अर्पित गहनों की शुरू हुई गिनती, 55 साल बाद मंदिर से निकाल रखवाए जाएंगे बैंक में...

ठाकुर बांकेबिहारी को अर्पित गहनों की शुरू हुई गिनती, 55 साल बाद मंदिर से निकाल रखवाए जाएंगे बैंक में...

संवाद सहयोगी, वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में 55 वर्ष से संकलित हो रहे सोने-चांदी के आभूषण की मापतौल अब शुरू हो गई है। मंदिर की उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति ने अब मंदिर के कमरों में जमा आभूषणों को बैंक में रखवाने की कवायद शुरू कर दी है। समिति के सदस्यों ने पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारियों के साथ आभूषणों की मापतौल शुरू कर दी है। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में वर्ष 1971 से जो भी सोने-चांदी के आभूषण ठाकुरजी को भक्तों द्वारा अर्पित किए जा रहे थे।

उन्हें मंदिर कार्यालय के पास बने दो कमरों में संरक्षित रखा जा रहा था। इससे पहले के सभी आभूषणाें को स्टेट बैंक आफ इंडिया की मुख्य शाखा में 55 वर्ष पहले ही जमा करा दिया गया था।

पिछले वर्ष अगस्त में प्रबंधन समिति ने कार्यभार संभाला तो सबसे पहले मंदिर के एक स्थान पर बने खजाने की जांच की। यहां खजाना खाली था। पता चला कि 1971 के बाद जो भी सोने-चांदी के आभूषण मंदिर में अर्पित हुए, उन्हें कार्यालय के पास कक्ष में रखा जा रहा है।

समिति ने बैठक कर निर्णय लिया कि मंदिर कक्ष में रखे आभूषणों की मापतौल करने के बाद पंजाब नेशनल बैंक में रखाया जाएगा।

पिछले दो दिन से मंदिर में एसीएम राजकुमार चौधरी, सिविल जज जूनियर डिवीजन, सीओ सदर प्रीतमपाल सिंह, सेवायत सदस्य शैलेंद्र गोस्वामी, विजयकृष्ण गोस्वामी, दिनेश गोस्वामी, मंदिर प्रबंधक मुनीश गोस्वामी के साथ बैंक अधिकारी आभूषणों की जांच और मापतौल कर रहे हैं।

सेवायत सदस्य दिनेश गोस्वामी ने बताया कि प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जल्द ही आभूषण पंजाब नेशनल बैंक में रखवाए जाएंगे।