Headlines
Loading...
यूपी में एक किलो राशन कम देने पर विरोध किया तो कोटेदार ने 70 वर्षीया वृद्धा को दिया धक्का, टूटी कमर की हड्डी...

यूपी में एक किलो राशन कम देने पर विरोध किया तो कोटेदार ने 70 वर्षीया वृद्धा को दिया धक्का, टूटी कमर की हड्डी...

बाराबंकी, ब्यूरो। बाराबंकी जिले के असंद्रा कोतवाली क्षेत्र में सरकारी राशन में एक किलो की कमी पर सवाल उठाना एक 70 वर्षीया वृद्धा को इतना महंगा पड़ा कि कोटेदार ने उन्हें धक्का दे दिया। गिरने के साथ ऊपर से अनाज की भारी बोरियां भी गिर पड़ीं जिससे वृद्धा की कमर की हड्डी टूट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। 

पीड़ित के पति की तहरीर पर पुलिस ने कोटेदार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। असंद्रा कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुर मजरे कादिरपुर निवासी रामसागर रावत ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी सीता (70) 27 अप्रैल को गांव के कोटेदार मनोज कुमार यादव की दुकान पर राशन लेने गई थीं। वहां अंगूठा लगवाने के बाद निर्धारित 10 किलो के स्थान पर केवल 9 किलो राशन दिया जा रहा था। जब वृद्धा ने इसका विरोध किया और पूरा राशन मांगा तो कोटेदार का रवैया अचानक बदल गया।

विरोध पर कोटेदार का हमला

आरोप है कि विरोध करने पर कोटेदार मनोज कुमार यादव ने जातिसूचक गालियां देते हुए वृद्धा को जोर से धक्का दे दिया। अचानक धक्का लगने से वृद्धा संतुलन खो बैठीं और जमीन पर गिर पड़ीं। दुर्भाग्य से पास में रखी अनाज की भारी बोरियों की छल्ली भी उनके ऊपर आ गिरी। इस दोहरी चोट से वृद्धा की कमर की हड्डी टूट गई और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने गंभीर चोटों की पुष्टि की।

गांव में आक्रोश और पुलिस कार्रवाई

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जब परिजनों ने कोटेदार से इलाज की बात की तो उसने अभद्रता करते हुए उन्हें भगा दिया। इस घटना से गांव में आक्रोश का माहौल है। पीड़ित के पति रामसागर रावत की तहरीर के आधार पर पुलिस ने कोटेदार मनोज कुमार यादव के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है। घायल वृद्धा सीता अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं।