Headlines
Loading...
BHU हॉस्टल में सब्जी में निकली मरी छिपकली, छात्र आक्रोशित, मेस संचालक को मिला नोटिस,  बंद कराया गया मेस...

BHU हॉस्टल में सब्जी में निकली मरी छिपकली, छात्र आक्रोशित, मेस संचालक को मिला नोटिस, बंद कराया गया मेस...

वाराणसी काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के डालमिया हॉस्टल से छात्रों की सेहत से खिलवाड़ का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां हॉस्टल के मेस में छात्रों को परोसी गई सब्जी में मरी छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही जिन छात्रों ने वह भोजन कर लिया था, वे डर और घबराहट के मारे तुरंत अस्पताल की तरफ भागे। 

सब्जी में मरी छिपकली की जानकारी मिलते ही अन्य छात्रों में भी आक्रोश पनप गया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में गुस्साए छात्र मेस के बाहर इकट्ठा हो गए और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर गुस्से का इजहार किया।

प्राक्टोरियल बोर्ड ने शांत कराया मामला

हॉस्टल में छात्रों के भारी जुटान और हंगामे की खबर मिलते ही बीएचयू का प्राक्टोरियल बोर्ड भी तत्काल हरकत में आया। हॉस्टल के प्रशासनिक वार्डन प्रो. राजीव बाटला, प्रो. राघव मिश्र और डॉ. महावीर पनवर भारी सुरक्षा बल के साथ पहुंच गए। अधिकारियों ने छात्रों को कड़ी कार्रवाई का भरोसा देते हुए किसी तरह समझा-बुझाकर शांत कराया। दूसरी ओर सब्जी खा चुके छात्रों की डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच की। सभी छात्रों की स्थिति पूरी तरह सामान्य पाई गई। किसी छात्र में फूड प्वाइजनिंग जैसे स्थिति भी नहीं मिली है।

गंदगी के बीच बनता है खाना, पानी और शौचालय की भी दुर्दशा

स्थिति शांत होने के बाद छात्रों ने छात्रावास के प्रशासनिक वार्डन को संबोधित एक लिखित शिकायत पत्र सौंपा। छात्रों ने मेस प्रबंधन पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यहां हाइजीन (साफ-सफाई) का बिल्कुल भी ध्यान नहीं रखा जाता है। मेस में शाकाहारी (Veg) और मांसाहारी (Non-Veg) भोजन एक साथ ही पकाया जाता है।

बर्तनों की सफाई भी ठीक से नहीं की जाती है। इसके अलावा, छात्रों ने हॉस्टल की अन्य बुनियादी समस्याओं को उठाते हुए कहा कि डालमिया हॉस्टल में लंबे समय से पीने के साफ पानी (पेयजल) का संकट बना हुआ है और यहाँ के शौचालयों की सफाई भी हफ्तों तक नहीं होती है। कई बार लिखित शिकायत के बावजूद प्रशासन आंखें मूंदे बैठा रहता है।

मेस संचालक को नोटिस, किया गया बंद

मामले की गंभीरता को देखते हुए डालमिया छात्रावास के वार्डन प्रो. राघव मिश्र ने बताया, "यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। जांच में सामने आया कि हॉस्टल के मेस संख्या चार में भोजन पकाने के बाद जब उसे परोसने के लिए छोटे बर्तनों में निकाला जा रहा था, संभवतः उसी समय उसमें छिपकली गिर गई थी। जिन बच्चों ने वह सब्जी खाई थी, वे सभी पूरी तरह स्वस्थ हैं और हमारी टीम उनकी सेहत पर लगातार निगरानी रख रही है।"

वार्डन ने बताया कि मेस संचालक की इस घोर लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तत्काल प्रभाव से मेस संख्या चार को बंद करने का आदेश जारी कर दिया गया है और संचालक को ब्लैकलिस्ट करने के लिए कारण बताओ नोटिस थमाया गया है।