बंगाल-असम के रुझानों ने बढ़ाया BJP का जोश, दिल्ली में पार्टी कार्यालय के बाहर जश्न की तैयारी हुई शुरू, थोड़ी देर में पीएम मोदी आयेंगे...
नईदिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की मतगणना सुबह 8 बजे से जारी है. शुरुआती रुझानों में खासकर पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा की अच्छी बढ़त देखते ही दिल्ली भाजपा कार्यालय में हलचल तेज हो गई है। कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह का माहौल है और जश्न की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।
BJP कार्यालय में उत्साह का माहौल
भाजपा दिल्ली कार्यालय में सुबह से ही भारी भीड़ जुट गई है. नेताओं, कार्यकर्ताओं और मीडिया कर्मियों का लगातार आना-जाना जारी है. पार्टी ने मतगणना की खबरों को ट्रैक करने और मीडिया को अपडेट देने के लिए विशेष व्यवस्था की है. कार्यकर्ता टीवी स्क्रीन्स के सामने टिके हुए हैं और हर नए रुझान पर तालियां बज रही हैं।
बंगाल-असम में मेहनत का इंतजार
दिल्ली भाजपा ने इन चुनावों में अहम भूमिका निभाई है. पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में मुख्यमंत्री ने कई चुनावी सभाओं को संबोधित किया और रोड शो भी किया।
मनोज तिवारी का जोरदार प्रचार
दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी बंगाल में स्टार प्रचारक रहे. उन्होंने 37 विधानसभा क्षेत्रों में 41 सभाएं और रोड शो किए. दिल्ली भाजपा के संगठन महामंत्री पवन राणा के नेतृत्व में एक टीम लगभग दो महीने तक बंगाल में डेरा डाले रही. मंत्री आशीष सूद समेत कई दिल्ली के मंत्री और विधायकों ने वहां चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाली।
असम में भी दिल्ली नेताओं की सक्रियता
असम में दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज के नेतृत्व में दिल्ली भाजपा के नेताओं की टीम ने चुनाव प्रबंधन संभाला. अब सभी नेता और कार्यकर्ता अपनी मेहनत का नतीजा देखने के लिए उत्सुक हैं।
जश्न की तैयारियां जोरों पर
बंगाल में भाजपा की मजबूत बढ़त और असम में पार्टी की अच्छी स्थिति ने दिल्ली भाजपा दफ्तर में जोश बढ़ा दिया है। कार्यकर्ता विजयी जुलूस और मिठाई बांटने की तैयारी कर रहे हैं. अगर रुझान अंतिम परिणाम तक बने रहे तो दिल्ली भाजपा पूरे जोर-शोर से जीत का जश्न मनाएगी।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि इन चुनावों में दिल्ली के नेताओं और कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग ला रही है। अब बस कुछ घंटों का इंतजार है जब पूरे नतीजे सामने आएंगे और भाजपा की जीत का पूरा मंजर साफ होगा।