Headlines
Loading...
अम्बेडकरनगर जिले के आलापुर में एक दुल्हन ने हिम्मत दिखाते हुए शराबी दूल्हे को अपनाने से किया इनकार, पुलिस ने दूल्हे का किया चालान...

अम्बेडकरनगर जिले के आलापुर में एक दुल्हन ने हिम्मत दिखाते हुए शराबी दूल्हे को अपनाने से किया इनकार, पुलिस ने दूल्हे का किया चालान...

यूपी, न्यूज। अम्बेडकरनगर जिले के आलापुर में एक दुल्हन ने हिम्मत दिखाते हुए दूल्हे की हरकतों से परेशान होकर अपनाने से इनकार कर दिया। सात फेरों और सिंदूर दान जैसी पवित्र रस्मों के बाद जब दूल्हे की असलियत सामने आई तो दुल्हन ने समाज की परवाह किए बिना अपनी जिंदगी का बड़ा फैसला लिया और बारात को बैरंग वापस लौटा दिया। 
मीडिया जानकारी के अनुसार, जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के बिड़हर खास निवासी राजन की बारात शुक्रवार की रात पूरे लाव-लश्कर और धूमधाम के साथ सुल्तानपुर पहाड़पुर गांव पहुंची थी। वधू पक्ष ने बारात का भव्य स्वागत किया। इसके बाद जयमाल की रस्म हुई और हंसी-खुशी के माहौल में सात फेरे भी संपन्न हो गए। सिंदूर दान की रस्म पूरी होने के बाद शादी लगभग संपन्न मानी जा रही थी, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने सबको हैरान कर दिया। 

भोर के समय 'आंचल धराई' की रस्म होनी थी, जिसके लिए दूल्हे को मंडप में बुलाया गया। इसी बीच दूल्हा अचानक गायब हो गया। काफी तलाश के बाद जब दूल्हा करीब आधे घंटे बाद वापस लौटा तो वह अपने पैरों पर खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। उसे बुरी तरह लड़खड़ाते देख दुल्हन और उसके परिजनों को शक हुआ। करीब जाकर देखने पर पता चला कि दूल्हा पूरी तरह नशे में धुत था। उसने इस महत्वपूर्ण रस्म से ठीक पहले शराब का सेवन कर लिया था। दूल्हे की इस हरकत और नशे में की गई अभद्रता ने दुल्हन को झकझोर कर रख दिया।

नशे में धुत और लड़खड़ाते दूल्हे को देखकर दुल्हन का धैर्य जवाब दे गया। उसने तुरंत घोषणा कर दी कि वह ऐसे व्यक्ति के साथ अपनी पूरी जिंदगी नहीं बिता सकती जो शादी के मंडप में भी गरिमा बनाए न रख सके। दुल्हन ने विदाई से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद मौके पर हंगामा मच गया। दूल्हे के परिजनों और समाज के बुजुर्गों ने दुल्हन को समझाने और 'मान-मनौव्वल' की काफी कोशिश की, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही। 

शनिवार सुबह यह विवाद आलापुर थाने तक जा पहुंचा। थाने के परिसर में दिन भर दोनों पक्षों के बीच लंबी पंचायत चली। पुलिस और स्थानीय गणमान्य लोगों ने भी बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन दुल्हन ने दोटूक कह दिया कि उसे शराबी जीवनसाथी स्वीकार नहीं है। अंततः हार मानकर दोनों पक्षों के बीच लेन-देन और उपहार वापसी का समझौता हुआ। 

पुलिस ने दूल्हे राजन की हरकतों को देखते हुए उसका शांतिभंग (151) की आशंका में चालान कर दिया। बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। इलाके में दुल्हन के इस साहसी फैसले की काफी चर्चा हो रही है।